×
 

मिडिल ईस्ट में बढ़ा तनाव: हूती विद्रोहियों ने सऊदी अरब पर मिसाइल और ड्रोन हमलों का किया दावा

यमन के हूती विद्रोहियों ने सना एयरपोर्ट पर कथित हमले के जवाब में सऊदी अरब के अभा एयरपोर्ट पर मिसाइल और ड्रोन हमला करने का दावा किया है।

मध्य-पूर्व में पहले से जारी अमेरिका-ईरान तनाव के बीच अब संघर्ष का एक नया मोर्चा खुलता दिखाई दे रहा है। यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने दावा किया है कि सऊदी अरब ने सना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हवाई हमला किया, जिसके जवाब में उन्होंने सऊदी अरब के अभा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को बैलिस्टिक मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाया।

हूती समर्थित चैनल अल-मसीराह टीवी ने सना एयरपोर्ट पर हुए विस्फोटों और धुएं के दृश्य प्रसारित किए। हालांकि, सऊदी अरब ने अब तक इन हमलों की आधिकारिक पुष्टि या खंडन नहीं किया है।

वहीं, यमन की अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त सरकार का कहना है कि रनवे पर हमला कथित तौर पर उस ईरानी विमान को उतरने से रोकने के लिए किया गया था, जिसमें हूती प्रतिनिधिमंडल सवार था। यमन के रक्षा मंत्री जनरल ताहिर अल-अकीली के अनुसार, यह प्रतिनिधिमंडल ईरान के पूर्व सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई के अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहा था। दूसरी ओर, हूती विद्रोहियों का दावा है कि विमान ने अपना मार्ग बदल लिया और होदेइदाह हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतर गया।

और पढ़ें: महाराष्ट्र में बारिश की कमी जारी, मौसम विभाग ने एल नीनो प्रभाव को बताया कारण

हूती सैन्य प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सरी ने कहा कि सऊदी अरब की "आक्रामक कार्रवाई" के जवाब में अभा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मिसाइल और ड्रोन हमला किया गया और अभियान अपने लक्ष्य हासिल करने में सफल रहा।

हूती संगठन ने यह भी चेतावनी दी है कि जब तक सना अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर लगी नाकेबंदी नहीं हटाई जाती, तब तक सभी एयरलाइंस सऊदी अरब के हवाई क्षेत्र के ऊपर उड़ान भरने से बचें। संगठन ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे सैन्य अभियान जारी रह सकते हैं।

इन घटनाओं ने मध्य-पूर्व में पहले से जारी तनाव को और बढ़ा दिया है। क्षेत्र में अमेरिका, ईरान, सऊदी अरब और उनके सहयोगियों के बीच बढ़ते टकराव के कारण व्यापक क्षेत्रीय संघर्ष की आशंका भी गहरा गई है।

और पढ़ें: होर्मुज में यूएई के टैंकरों पर ईरानी मिसाइल हमले के बाद भारत ने ईरानी राजनयिकों को तलब किया

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share