इंडोनेशिया में खुलेगा आईआईएम बेंगलुरु का कैंपस, विदेश में परिसर स्थापित करने वाला दूसरा आईआईएम बनेगा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया में आईआईएम बेंगलुरु का कैंपस खोलने की घोषणा की। यह विदेश में स्थापित होने वाला दूसरा आईआईएम परिसर होगा और शिक्षा सहयोग को नई दिशा देगा।
भारत और इंडोनेशिया के बीच शिक्षा एवं प्रौद्योगिकी सहयोग को नई मजबूती मिलने जा रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इंडोनेशिया यात्रा के दौरान घोषणा की कि भारत के प्रतिष्ठित प्रबंधन संस्थान भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) बेंगलुरु का नया कैंपस इंडोनेशिया में स्थापित किया जाएगा। यह विदेश में खुलने वाला दूसरा आईआईएम परिसर होगा।
इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के साथ संयुक्त प्रेस वार्ता में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI), दूरसंचार और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में युवाओं के तकनीकी सहयोग को बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण समझौते किए हैं। साथ ही दोनों देशों ने स्टार्टअप सहयोग को भी नई ऊंचाई देने पर सहमति जताई है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इसी दिशा में इंडोनेशिया में आईआईएम बेंगलुरु का अंतरराष्ट्रीय परिसर स्थापित किया जाएगा। इससे दोनों देशों के छात्रों को विश्वस्तरीय प्रबंधन शिक्षा का लाभ मिलेगा और शैक्षणिक सहयोग मजबूत होगा।
और पढ़ें: केरल के वायनाड में टनल परियोजना स्थल पर भूस्खलन, छह लोगों को बचाया गया; कई के दबे होने की आशंका
आईआईएम बेंगलुरु का यह कैंपस विदेश में खुलने वाला दूसरा आईआईएम परिसर होगा। इससे पहले आईआईएम अहमदाबाद ने दुबई में अपना अंतरराष्ट्रीय कैंपस स्थापित किया था। वहीं, आईआईटी मद्रास ने तंजानिया के ज़ांज़ीबार में भारत का पहला विदेशी आईआईटी परिसर शुरू किया था, जबकि आईआईटी दिल्ली ने वर्ष 2024 में अबू धाबी में अपना कैंपस खोला था।
राष्ट्रीय संस्थागत रैंकिंग फ्रेमवर्क (NIRF) 2025 के अनुसार, आईआईएम बेंगलुरु देश का दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रबंधन संस्थान है।
आईआईएम बेंगलुरु में प्रवेश सामान्यतः कॉमन एडमिशन टेस्ट (CAT) के माध्यम से होता है। CAT 2026 की परीक्षा नवंबर के अंतिम सप्ताह में आयोजित होने की संभावना है। इसके लिए आधिकारिक अधिसूचना जुलाई में जारी हो सकती है, जबकि आवेदन प्रक्रिया अगस्त से शुरू होने की उम्मीद है।
CAT के लिए अभ्यर्थी के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से न्यूनतम 50 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक की डिग्री होना आवश्यक है। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 45 प्रतिशत अंक निर्धारित हैं। आवेदन शुल्क सामान्य वर्ग के लिए 2600 रुपये और आरक्षित वर्ग के लिए 1300 रुपये रहेगा।
और पढ़ें: भारत इंडोनेशिया को देगा ब्रह्मोस और अस्त्र मिसाइल, रक्षा साझेदारी को मिलेगी नई मजबूती