×
 

शेख हसीना के कार्यक्रम से भारत ने बनाई दूरी, बोला- निजी मीडिया संस्था का आयोजन

भारत ने शेख हसीना के प्रस्तावित कार्यक्रम से खुद को अलग बताते हुए कहा कि यह निजी मीडिया संस्था का आयोजन है और सरकार का इससे कोई संबंध या समर्थन नहीं है।

भारत सरकार ने पूर्व बांग्लादेशी प्रधानमंत्री शेख हसीना के नई दिल्ली में प्रस्तावित कार्यक्रम से खुद को पूरी तरह अलग कर लिया है। विदेश मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि 5 अगस्त को होने वाला यह कार्यक्रम किसी सरकारी संस्था का नहीं, बल्कि एक निजी मीडिया संगठन का आयोजन है और भारत सरकार का इससे कोई लेना-देना नहीं है।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने कहा कि संबंधित कार्यक्रम का आयोजन एक निजी मीडिया संस्था कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार न तो इस कार्यक्रम में शामिल है और न ही वहां व्यक्त किए जाने वाले किसी भी विचार का समर्थन करती है।

दरअसल, पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना 5 अगस्त को नई दिल्ली में एक वर्चुअल कार्यक्रम के जरिए सार्वजनिक रूप से संबोधित करने वाली हैं। पिछले वर्ष सत्ता से बेदखल होने के बाद यह उनका पहला सार्वजनिक कार्यक्रम होगा। बताया जा रहा है कि यह कार्यक्रम फॉरेन कॉरेस्पॉन्डेंट्स क्लब, साउथ एशिया की ओर से आयोजित किया जा रहा है।

और पढ़ें: एक ही छाते के नीचे दिखे केशव प्रसाद मौर्य और बृजेश पाठक, वीडियो शेयर कर विपक्ष पर साधा निशाना

इस बीच, बांग्लादेश ने भारत के समक्ष अपनी चिंता भी जताई है। ढाका का कहना है कि यदि शेख हसीना इस कार्यक्रम में राजनीतिक टिप्पणी करती हैं तो इससे हाल के दिनों में दोनों देशों के संबंधों में आई सकारात्मक प्रगति प्रभावित हो सकती है।

जानकारी के अनुसार, 78 वर्षीय शेख हसीना छात्र आंदोलन के बाद सत्ता से हटने के पश्चात भारत में रह रही हैं। कार्यक्रम में उनके पुत्र सजीब वाजेद जॉय सहित पूर्व मंत्री मोहिबुल हसन चौधरी नोफेल, क्रिकेटर शाकिब अल हसन, पूर्व राजनयिक अनिमुल हक पोलाश, लेखक अबू ओबैदा आरिन और अधिवक्ता शाह मोहम्मद बख्तियार भी शामिल होंगे।

संयुक्त राष्ट्र की एक रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश में छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसा में लगभग 1,400 लोगों की मौत हुई थी। इसी मामले में बांग्लादेश की अदालत ने शेख हसीना को दोषी ठहराते हुए मृत्युदंड की सजा सुनाई है। हालांकि, शेख हसीना ने इस वर्ष दिसंबर तक बांग्लादेश लौटने का संकल्प जताया है।

और पढ़ें: झारखंड छात्र आंदोलन पर बोले हेमंत सोरेन, कहा- पेपर लीक मामले में गंभीर हैं, छात्रों को मिलेगा न्याय

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share