17 जुलाई को देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जींद से होगी शुरुआत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को जींद से देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे। इस दौरान कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।
हरियाणा का जींद 17 जुलाई को भारतीय रेलवे के इतिहास का साक्षी बनने जा रहा है। इस दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह ट्रेन भारत के ग्रीन ट्रांसपोर्ट मिशन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन, रेलवे और राज्य सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। हरियाणा के मुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भी जींद पहुंचकर कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे तथा कार्यक्रम स्थल और व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे।
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जींद रेलवे स्टेशन से दुनिया की सबसे लंबी हाइड्रोजन ट्रेन को रवाना करेंगे। इसके साथ ही वह एक विशाल जनसभा को भी संबोधित करेंगे और कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास करेंगे।
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के अनुसार, जींद में कार्यक्रम के बाद वे चंडीगढ़ और पंजाब के दौरे पर जाएंगे। वहां एक्सप्रेस-वे और दो नए मेडिकल कॉलेजों का उद्घाटन करेंगे। इन कार्यक्रमों से स्थानीय जनप्रतिनिधि और नागरिक ऑनलाइन से भी जुड़ेंगे।
इसके अलावा प्रधानमंत्री कुरुक्षेत्र में प्रस्तावित भव्य सिख संग्रहालय का शिलान्यास करेंगे। साथ ही कुरुक्षेत्र में तैयार एलिवेटेड रेलवे ट्रैक का उद्घाटन और नरवाना रेलवे जंक्शन का भी लोकार्पण करेंगे।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने दावा किया कि 17 जुलाई का दिन हरियाणा के विकास के लिए ऐतिहासिक साबित होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का दौरा राज्य को कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं की सौगात देगा और रेलवे के आधुनिकीकरण को नई गति मिलेगी।
हाइड्रोजन ट्रेन को पर्यावरण के अनुकूल परिवहन प्रणाली की दिशा में भारत की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है, क्योंकि इससे कार्बन उत्सर्जन में कमी आने की उम्मीद है।