×
 

जम्मू-कश्मीर को मिलेगी तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस, जानें रूट, समय और संभावित किराया

जम्मू-कश्मीर में तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू होने की तैयारी है। नई ट्रेन जम्मू तवी से श्रीनगर के बीच उधमपुर और कटरा होकर चलेगी, जिससे यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

भारतीय रेलवे जम्मू-कश्मीर में एक और वंदे भारत एक्सप्रेस शुरू करने की तैयारी कर रहा है। नई ट्रेन जम्मू तवी और श्रीनगर के बीच चलेगी और उधमपुर तथा श्री माता वैष्णो देवी कटरा से होकर गुजरेगी। यह जम्मू-कश्मीर में चलने वाली तीसरी वंदे भारत एक्सप्रेस होगी। मौजूदा ट्रेनों में लगातार बढ़ती यात्री संख्या को देखते हुए रेलवे ने अतिरिक्त सेवा शुरू करने का फैसला किया है।

रेलवे के अनुसार, जम्मू और श्रीनगर के बीच चल रही दोनों वंदे भारत ट्रेनें लॉन्च होने के बाद से लगभग पूरी क्षमता से संचालित हो रही हैं। नई ट्रेन से इस रेल मार्ग पर यात्रियों की क्षमता बढ़ेगी और जम्मू, कटरा तथा कश्मीर घाटी के बीच तेज यात्रा का एक और विकल्प मिलेगा।

सितंबर में शुरू हो सकती है सेवा

नई वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन सितंबर में शुरू होने की संभावना है। नवरात्र के आसपास इसके शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है, क्योंकि इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटरा पहुंचते हैं। हालांकि, रेलवे की ओर से अभी अंतिम तारीख की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

और पढ़ें: मुंबई-सूरत बुलेट ट्रेन स्टेशनों का काम तेज, 320 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेंगी ट्रेनें

क्या होगा रूट और समय?

प्रस्तावित समय-सारणी के अनुसार, ट्रेन जम्मू तवी से सुबह 10:30 बजे रवाना होगी और 11:30 बजे शहीद कैप्टन तुषार महाजन उधमपुर पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन दोपहर 12:10 बजे उधमपुर से रवाना होकर श्री माता वैष्णो देवी कटरा पहुंचेगी और वहां से सीधे श्रीनगर के लिए रवाना होगी। ट्रेन के दोपहर 3:10 बजे श्रीनगर पहुंचने का प्रस्ताव है।

वापसी में ट्रेन श्रीनगर से शाम 4 बजे रवाना होगी। यह शाम 6:55 बजे कटरा, 7:30 बजे उधमपुर और करीब 8:40 बजे जम्मू तवी पहुंचेगी।

कितना हो सकता है किराया?

नई ट्रेन का आधिकारिक किराया अभी घोषित नहीं किया गया है। फिलहाल जम्मू-श्रीनगर मार्ग पर चल रही वंदे भारत ट्रेनों का किराया लगभग 855 रुपये से 1,780 रुपये के बीच है। नई ट्रेन का किराया भी इसी के आसपास रहने की संभावना है। अंतिम किराया रेलवे की आधिकारिक घोषणा के बाद ही स्पष्ट होगा।

तीसरी वंदे भारत से जम्मू-कश्मीर में पर्यटन, तीर्थयात्रा और स्थानीय आवागमन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है। खासकर नवरात्र जैसे व्यस्त समय में यह सेवा यात्रियों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकती है।

और पढ़ें: पुरी रेलवे स्टेशन के पास मेमू ट्रेन का इंजन पटरी से उतरा, बड़ा हादसा टला

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share