केरल का नया मुख्यमंत्री कौन? कांग्रेस नेतृत्व ने अंतिम फैसले से पहले शुरू की व्यापक चर्चा
केरल में नए मुख्यमंत्री के चयन को लेकर कांग्रेस नेतृत्व ने व्यापक विचार-विमर्श शुरू किया है। रमेश चेन्निथला, वी डी सतीशन और के सी वेणुगोपाल प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं।
केरल के नए मुख्यमंत्री को लेकर कांग्रेस पार्टी में मंथन तेज हो गया है। कांग्रेस अध्यक्ष ने अंतिम निर्णय लेने से पहले व्यापक स्तर पर विचार-विमर्श करने का फैसला किया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार मंगलवार को दिल्ली में वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक होगी, जिसके बाद मुख्यमंत्री पद को लेकर फैसला सामने आ सकता है।
केंद्रीय नेतृत्व ने जिन नेताओं को दिल्ली बुलाया है उनमें पूर्व केपीसीसी अध्यक्ष वी एम सुधीरन, मुल्लापल्ली रामचंद्रन, के मुरलीधरन, के सुधाकरन और एम एम हसन शामिल हैं। इसके अलावा वरिष्ठ विधायक तिरुवंचूर राधाकृष्णन और कार्यकारी अध्यक्ष पीसी विष्णुनाथ, शफी परंबिल तथा एपी अनिल कुमार को भी दिल्ली बुलाया गया है।
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में तीन बड़े नाम सामने हैं। इनमें वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला, विपक्ष के नेता वी डी सतीशन और अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव (संगठन) के सी वेणुगोपाल प्रमुख दावेदार माने जा रहे हैं।
और पढ़ें: केरल में कल हो सकता है नए मुख्यमंत्री का ऐलान, केसी वेणुगोपाल सबसे आगे
पार्टी पर्यवेक्षक अजय माकन और मुकुल वासनिक पहले ही कांग्रेस विधायकों से मुलाकात कर उनकी राय ले चुके हैं। इसके बाद शीर्ष नेतृत्व ने तीनों दावेदारों और केपीसीसी अध्यक्ष सनी जोसेफ के साथ भी चर्चा की। बावजूद इसके पार्टी अभी तक किसी एक नाम पर अंतिम सहमति नहीं बना पाई है।
कांग्रेस हाईकमान द्वारा पूर्व केपीसीसी अध्यक्षों की राय लेने के फैसले से वी डी सतीशन खेमे में उत्साह बढ़ा है। सतीशन को यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट के कार्यकर्ताओं और सहयोगी दल इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग का मजबूत समर्थन मिलने का दावा किया जा रहा है।
सतीशन समर्थकों का कहना है कि जनता की भावना को ध्यान में रखकर मुख्यमंत्री चुना जाना चाहिए। वहीं वेणुगोपाल खेमे का दावा है कि उन्हें अधिकांश कांग्रेस विधायकों और सांसदों का समर्थन हासिल है। उनके समर्थकों का मानना है कि वेणुगोपाल एक कुशल रणनीतिकार हैं और उपचुनावों में भी यूडीएफ को जीत दिला सकते हैं।