कुत्तों के हमले से डरी मादा तेंदुआ पेड़ पर चढ़ी, गोंदिया में तीन गांवों में अलर्ट जारी
महाराष्ट्र के गोंदिया में कुत्तों के हमले से बचने के लिए मादा तेंदुआ पेड़ पर चढ़ गई। वन विभाग और पुलिस ने तीन गांवों में अलर्ट जारी किया।
महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां कुत्तों के हमले से घबराकर एक मादा तेंदुआ पेड़ पर चढ़ गई। यह घटना तिरोड़ा तहसील के बीबीटोला गांव की बताई जा रही है। पेड़ पर चढ़ी मादा तेंदुए को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
जानकारी के अनुसार, खेत में काम कर रहे एक किसान पर मादा तेंदुए ने हमला कर दिया था। जैसे ही तेंदुए ने किसान पर हमला किया, आसपास मौजूद आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला बोल दिया। अचानक हुए इस हमले से घबराई मादा तेंदुआ अपनी जान बचाने के लिए पास के एक ऊंचे पेड़ पर चढ़ गई और कई घंटों तक वहीं बैठी रही।
पेड़ पर बैठे तेंदुए को देखने के लिए ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को तेंदुए से दूरी बनाए रखने की अपील की। प्रशासन ने बीबीटोला समेत नहरटोला और सोनेगांव गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है।
और पढ़ें: केंद्र जाने की अटकलों पर बोले देवेंद्र फडणवीस, कहा- मैं महाराष्ट्र में ही रहूंगा
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, कुछ दिन पहले ग्रामीणों को मादा तेंदुए के दो शावक मिले थे। ग्रामीण उन्हें बिल्ली के बच्चे समझकर गांव ले आए थे। बाद में वन विभाग ने दोनों शावकों को सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया था। माना जा रहा है कि अपने बच्चों की तलाश और इंसानी दखल से परेशान होकर मादा तेंदुआ गांव की ओर लौट आई।
प्रशासन के अनुसार, मादा तेंदुआ अपने दोनों शावकों के साथ इलाके में घूम रही है। ग्रामीणों को रात के समय घरों से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी गई है। इस बीच तेंदुए के हमले में घायल किसान राजभुवन भैयालाल अंबुले को गंभीर चोटें आई हैं। उनके चेहरे और कंधे पर गहरी चोट के बाद उन्हें गोंदिया के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वन विभाग की टीम तेंदुए को सुरक्षित पकड़ने के प्रयास में जुटी हुई है।
और पढ़ें: छात्रों को झूठे ड्रग्स केस में फंसाने की धमकी देने वाला पुलिसकर्मी हटाया गया, जांच शुरू