×
 

महाराष्ट्र टीईटी 2026 का पेपर लीक, परीक्षा से एक दिन पहले स्थगित; भिवंडी से सामने आया मामला

महाराष्ट्र टीईटी 2026 परीक्षा कथित पेपर लीक के बाद स्थगित कर दी गई। भिवंडी में प्रश्नपत्र मिलने की सूचना के बाद पुलिस जांच शुरू हुई, नई तिथि जल्द घोषित होगी।

महाराष्ट्र शिक्षक पात्रता परीक्षा (महा टीईटी 2026) को परीक्षा से एक दिन पहले कथित प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के बाद अगली सूचना तक स्थगित कर दिया गया है। यह परीक्षा रविवार, 28 जून को आयोजित होनी थी। पेपर लीक की सूचना मिलने के बाद पुलिस और शिक्षा विभाग ने तत्काल जांच शुरू की, जिसके बाद परीक्षा को अनिश्चितकाल के लिए टालने का फैसला लिया गया।

जानकारी के अनुसार, मुंबई के निकट भिवंडी क्षेत्र में एक व्यक्ति के पास आगामी महा टीईटी परीक्षा का प्रश्नपत्र होने की सूचना पुलिस और शिक्षा विभाग को मिली थी। इसके बाद अधिकारियों ने विस्तृत जांच की और मामला दर्ज किया। प्रारंभिक जांच में पेपर लीक की आशंका को गंभीर मानते हुए राज्य सरकार ने परीक्षा स्थगित करने का निर्णय लिया।

महाराष्ट्र टीईटी 2026 दो पेपरों में आयोजित की जानी थी। पहला पेपर सुबह 10:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक तथा दूसरा पेपर दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:00 बजे तक निर्धारित था। परीक्षा पेन और पेपर मोड में आयोजित होती है, जिसमें अभ्यर्थियों को ओएमआर शीट पर उत्तर अंकित करने होते हैं। परीक्षा में कुल 150 प्रश्न होते हैं और प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होता है। इस परीक्षा में किसी भी प्रकार की नेगेटिव मार्किंग नहीं रखी गई है।

और पढ़ें: एफआईएच प्रो लीग में भारत का पाकिस्तान पर 7-1 से ऐतिहासिक विजय, चिर प्रतिद्वंद्वी को बुरी तरह रौंदा

प्रश्नपत्र मराठी, अंग्रेजी, उर्दू, बांग्ला, गुजराती, तेलुगु, सिंधी, कन्नड़ और हिंदी सहित कुल नौ भाषाओं में उपलब्ध कराया जाता है।

स्थगित परीक्षा की नई तिथि जल्द घोषित की जाएगी। अभ्यर्थी आधिकारिक वेबसाइट mahatet.in पर जाकर नई परीक्षा तिथि, परीक्षा कार्यक्रम और प्रवेश पत्र (एडमिट कार्ड) से जुड़ी सभी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। नया एडमिट कार्ड परीक्षा से दो या तीन दिन पहले जारी किया जाएगा, जिसे उम्मीदवार वेबसाइट से डाउनलोड कर प्रिंट निकाल सकेंगे।

और पढ़ें: ईरान नीति को लेकर ट्रंप प्रशासन में मतभेद, वेंस और रुबियो के बयानों में अंतर आया सामने

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share