×
 

घाघरा नदी में भाई को बचाने कूदीं दो बहनें लापता, एकादशी स्नान बना मातम

मऊ के गाजियापुर में एकादशी स्नान के दौरान डूबते भाई को बचाने के प्रयास में दो सगी बहनें घाघरा नदी की तेज धारा में बह गईं। दोनों की तलाश जारी है।

उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में एकादशी के पावन अवसर पर घाघरा नदी में स्नान के दौरान एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है। भाई की जान बचाने के प्रयास में दो सगी बहनें नदी की तेज धारा में बह गईं और लापता हो गईं। इस घटना के बाद पूरे परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार, गाजियापुर गांव निवासी किसान रामविलास यादव अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ एकादशी स्नान के लिए घाघरा नदी के तट पर पहुंचे थे। उनके साथ पत्नी, दो बेटियां, एक बेटा और अन्य परिजन भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि करीब 20 से 25 लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली से नदी किनारे पहुंचे थे।

स्नान के दौरान रामविलास यादव का पुत्र अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। भाई को संकट में देख बड़ी बहन प्रियांशु बिना देर किए नदी में कूद गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उसने किसी तरह अपने भाई को सुरक्षित स्थान तक पहुंचा दिया, लेकिन खुद तेज बहाव में फंस गई।

और पढ़ें: लखनऊ अग्निकांड के बाद योगी सरकार का बड़ा एक्शन, 100 से अधिक कोचिंग संस्थानों पर कार्रवाई

जब छोटी बहन प्रतिज्ञा ने अपनी बड़ी बहन को डूबते देखा तो वह भी उसे बचाने के लिए नदी में उतर गई। दुर्भाग्यवश वह भी तेज धारा और गहराई की चपेट में आ गई। देखते ही देखते दोनों बहनें नदी में लापता हो गईं।

घटना की सूचना मिलते ही मधुबन क्षेत्राधिकारी दिनेश दत्त मिश्रा और स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रशासन की निगरानी में गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से लगातार खोज अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि देर शाम तक दोनों बच्चियों का कोई पता नहीं चल सका।

इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई दोनों बहनों के साहस, त्याग और भाई के प्रति उनके अटूट प्रेम की चर्चा कर रहा है।

और पढ़ें: राम मंदिर चंदा गबन जांच में एसआईटी को मिली अनियमितताएं, अभी किसी को नहीं मिली क्लीन चिट

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share