×
 

मध्य प्रदेश में राजीव गांधी तकनीकी विश्वविद्यालय का नाम बदला, तीन नई तकनीकी यूनिवर्सिटी में होगा विभाजन

मध्य प्रदेश कैबिनेट ने राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय को तीन हिस्सों में बांटने और नए नाम देने को मंजूरी दी। भोपाल, मालवा और महाकौशल में नई तकनीकी यूनिवर्सिटी बनेंगी।

मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार ने मंगलवार को बड़ा फैसला लेते हुए राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का नाम बदलने और इसे तीन अलग-अलग तकनीकी विश्वविद्यालयों में विभाजित करने को मंजूरी दे दी। राज्य कैबिनेट के फैसले के बाद अब भोपाल, उज्जैन और जबलपुर में नई तकनीकी एवं कौशल विश्वविद्यालयों का गठन किया जाएगा।

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बताया कि राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में वर्तमान में 13 पाठ्यक्रम संचालित होते हैं। इसके अंतर्गत करीब 585 संस्थान हैं और 3.83 लाख से अधिक विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं। भौगोलिक स्थिति और प्रशासनिक सुविधा को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय को तीन हिस्सों में बांटने का निर्णय लिया गया है।

सरकार के प्रस्ताव के अनुसार, पहली यूनिवर्सिटी का नाम सेंट्रल टेक्नोलॉजी एंड स्किल यूनिवर्सिटी, भोपाल होगा। इसके अंतर्गत भोपाल, नर्मदापुरम और चंबल संभाग के सभी जिले आएंगे।

और पढ़ें: मंदाकिनी का रौद्र रूप शांत, पीछे छूटी तबाही की भयावह तस्वीर; चित्रकूट में घर, सड़कें और पुल क्षतिग्रस्त

दूसरी यूनिवर्सिटी का नाम मालवा यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी एंड स्किल्स रखा जाएगा। इसके दायरे में उज्जैन और इंदौर संभाग के विश्वविद्यालय और तकनीकी संस्थान शामिल होंगे।

तीसरी यूनिवर्सिटी महाकौशल यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी एंड स्किल्स, जबलपुर होगी। इसमें रीवा और सागर संभाग के विश्वविद्यालयों एवं तकनीकी संस्थानों को शामिल किया जाएगा।

राकेश सिंह ने कहा कि भौगोलिक क्षेत्र के हिसाब से इंजीनियरिंग कॉलेजों और तकनीकी संस्थानों का वितरण अलग-अलग क्षेत्रों में पर्याप्त है। तीन विश्वविद्यालय बनाए जाने से विद्यार्थियों और संस्थानों के प्रशासन में सुविधा होने की उम्मीद है।

इस बीच मुख्यमंत्री मोहन यादव भोपाल में आयोजित प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के कार्यक्रम में भी शामिल हुए। उन्होंने 12वीं कक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को लैपटॉप वितरित किए। सरकार ने 1.21 लाख से अधिक विद्यार्थियों के खातों में लैपटॉप खरीदने के लिए 304 करोड़ रुपये से अधिक की राशि हस्तांतरित की। प्रत्येक विद्यार्थी के खाते में 25 हजार रुपये भेजे गए।

और पढ़ें: इंदौर में तेज रफ्तार एसयूवी ने सुरक्षा गार्ड को कुचला, विवाद के बाद हत्या का आरोप; दो गिरफ्तार

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share