×
 

मुंबई आयकर भवन के बेसमेंट में लगी आग, इलाके में मची अफरा-तफरी; कांदिवली में 11 लोग सुरक्षित निकाले गए

मुंबई के आयकर भवन के बेसमेंट में सोमवार को आग लगने से हड़कंप मच गया। वहीं कांदिवली में चार मंजिला इमारत में आग लगने पर 11 लोगों को बचाया गया।

मुंबई में सोमवार को आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं से हड़कंप मच गया। पहली घटना महर्षि कर्वे रोड स्थित आयकर भवन की है, जहां दोपहर में बेसमेंट में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही मुंबई अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

मुंबई अग्निशमन विभाग को दोपहर करीब 2:01 बजे आग लगने की सूचना मिली थी। लगभग 2:10 बजे आग को स्तर-1 की घटना घोषित किया गया। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने की कार्रवाई शुरू की और इमारत की स्थिति का जायजा लिया।

घटना के बाद मुंबई अग्निशमन विभाग के अलावा पुलिस, बेस्ट, 108 एंबुलेंस सेवा और बृहन्मुंबई नगर निगम के वार्ड कर्मचारियों को भी मौके पर तैनात किया गया। सभी एजेंसियां मिलकर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं।

और पढ़ें: मुंबई की हाईराइज इमारत में भीषण आग, मासूम बच्चे समेत दो की मौत

फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। आग से हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है। राहत की बात है कि घटना में अभी तक किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों के मुताबिक आग पूरी तरह बुझने के बाद कारण और नुकसान की विस्तृत जांच की जाएगी।

कांदिवली में चार मंजिला इमारत में आग

मुंबई के कांदिवली इलाके में सोमवार तड़के एक चार मंजिला व्यावसायिक इमारत में भी आग लग गई। घटना स्टेशन रोड स्थित अभिराई होटल में सुबह करीब 4:14 बजे हुई। सूचना मिलते ही चार दमकल गाड़ियों समेत अन्य अग्निशमन वाहन मौके पर पहुंचे।

इमारत में धुआं भर जाने के कारण दूसरी मंजिल पर स्थित लॉजिंग हाउस में मौजूद 11 लोग फंस गए थे। दमकलकर्मियों ने सीढ़ियों के रास्ते सभी 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद सुबह 6:07 बजे आग पर काबू पा लिया गया। आग मुख्य रूप से बिजली के तारों और उपकरणों, लकड़ी के फर्नीचर, तिरपाल, बांस तथा एल्युमिनियम और प्लास्टिक की सजावटी चादरों तक सीमित रही। दोनों घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

और पढ़ें: भायखला पुलिस स्टेशन में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, दमकल की 8 गाड़ियों ने पाया काबू

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share