नोएडा में खुले नाले में गिरकर इंजीनियर की मौत, घंटों बाद मिला शव; मां का इकलौता सहारा था आर्यन
नोएडा में बारिश के कारण जलभराव के बीच 27 वर्षीय इंजीनियर आर्यन खुले नाले में गिर गए। घंटों बाद उनका शव मिला। परिवार ने बिजली विभाग और प्राधिकरण पर केस दर्ज कराया।
उत्तर प्रदेश के नोएडा में तेज बारिश के बाद जलभराव के कारण एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। सेक्टर-58 इंडस्ट्रियल एरिया में खुले नाले में गिरने से 27 वर्षीय इंजीनियर आर्यन की मौत हो गई। आर्यन अपनी मां का इकलौता सहारा थे और उनकी अचानक मौत से परिवार में मातम छा गया है।
जानकारी के अनुसार, आर्यन मूल रूप से फर्रुखाबाद के रहने वाले थे और नोएडा के चौड़ा गांव में रहकर नौकरी के साथ अपनी पढ़ाई भी कर रहे थे। सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच वह अपनी ड्यूटी के लिए पैदल जा रहे थे। इस दौरान तेज बारिश के कारण सेक्टर-58 औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों पर काफी पानी भर गया था।
बताया जा रहा है कि सड़क किनारे चलते समय आर्यन खुले नाले में गिर गए। हादसे के बाद कई घंटों तक उनका कोई पता नहीं चल सका। बाद में आसपास के लोगों ने उन्हें नाले में देखा और बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
और पढ़ें: हैदराबाद में दर्दनाक हादसा: पेड़ गिरने के बाद करंट लगने से पिता-पुत्री की मौत
घटनास्थल के पास बिजली का खंभा भी मौजूद था। आशंका जताई जा रही है कि नाले में गिरने के बाद बारिश के पानी में करंट आने से आर्यन बेहोश हो गए और उनकी डूबने से मौत हो गई। हालांकि, मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा।
आर्यन के चाचा ने इस मामले में सेक्टर-58 थाने में बिजली विभाग और नोएडा विकास प्राधिकरण के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि नाले पर लगी स्लैब सही तरीके से नहीं लगी थी, जिसके कारण आर्यन अचानक नाले में गिर गए।
आर्यन सेक्टर-58 के ए-27 स्थित एक इन्वर्टर निर्माण कंपनी में क्वालिटी सुपरवाइजर के पद पर काम करते थे। वह पिछले करीब ढाई साल से कंपनी में कार्यरत थे। उन्होंने पॉलिटेक्निक के बाद बीटेक की पढ़ाई पूरी की थी और हाल ही में उनका बीटेक का परिणाम भी आया था।
सेक्टर-58 थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि बारिश के कारण सड़क पर पानी भर गया था और इसी दौरान आर्यन हादसे का शिकार हुए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
और पढ़ें: ग्रेटर नोएडा में खुले मैनहोल में गिरा मासूम, एआरटीओ की तत्परता से बची 12 साल के बच्चे की जान