×
 

नोएडा की हाईराइज सोसाइटी में एसी फटने से भीषण आग, 21वीं मंजिल पर मची अफरा-तफरी

नोएडा के सेक्टर-119 स्थित द अरन्या सोसाइटी में एसी फटने से 21वीं मंजिल पर भीषण आग लग गई। दमकल की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

उत्तर प्रदेश के नोएडा में सोमवार (29 जून) को एक हाईराइज आवासीय सोसाइटी में एयर कंडीशन (एसी) फटने के बाद भीषण आग लग गई। यह हादसा सेक्टर-119 स्थित अरन्या सोसाइटी में हुआ, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग सोसाइटी की 21वीं मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में लगी और देखते ही देखते पूरे अपार्टमेंट में फैल गई। घटना सेक्टर-113 थाना क्षेत्र की है।

आग लगने के बाद ऊंची इमारत से काले धुएं का घना गुबार आसमान में उठता दिखाई दिया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मी लगातार आग बुझाने और इमारत में मौजूद लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटे हुए हैं।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग की शुरुआत एसी यूनिट में हुए विस्फोट के कारण हुई। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल इस हादसे में किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है।

और पढ़ें: असम में मानसून की पहली बाढ़ का कहर, 22 हजार से अधिक लोग प्रभावित, रेल सेवाएं ठप

इसी बीच, दिल्ली के केशव पुरम इलाके में भी सोमवार तड़के एक चार मंजिला रिहायशी इमारत में आग लगने की घटना सामने आई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान चलाया। इस दौरान छत पर फंसे गौरव (28), कायरा (25) और इंदु बत्रा (55) को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में भी किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आग इमारत के भूतल पर लगे 24 बिजली मीटरों तक सीमित रही। करीब रात 2:30 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है और दोनों मामलों की जांच जारी है।

और पढ़ें: शादी की दावत में मटन की जगह चिकन परोसने पर खूनी हमला, कैटरिंग कर्मी का गला काटा

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share