×
 

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में चंपत राय और अनिल मिश्रा को एसआईटी की क्लीन चिट

अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में एसआईटी ने पूर्व महासचिव चंपत राय और पूर्व सदस्य अनिल मिश्रा को क्लीन चिट दी है। आठ लोगों को आरोपी बनाया गया।

अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे और दान से जुड़े कथित चोरी मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (एसआईटी) की अंतिम रिपोर्ट सामने आ गई है। सूत्रों के मुताबिक, रिपोर्ट में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय और पूर्व सदस्य डॉ. अनिल मिश्रा को बड़ी राहत मिली है। एसआईटी ने दोनों को मामले में क्लीन चिट दी है।

जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश शासन को सौंपी गई एसआईटी की अंतिम रिपोर्ट को आगे की कार्रवाई के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को भेज दिया गया है। रिपोर्ट में चंपत राय और डॉ. अनिल मिश्रा को मामले में जिम्मेदार नहीं माना गया है। वहीं, जांच में गिरफ्तार किए गए आठ लोगों को आरोपी बनाया गया है।

एसआईटी की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। चढ़ावे और दान से जुड़े विवाद के बाद सरकार ने मामले की जांच एसआईटी को सौंपी थी। जांच टीम ने कई लोगों से पूछताछ करने के साथ उपलब्ध दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की।

और पढ़ें: राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में एसआईटी की जांच पूरी, ट्रस्ट को सौंपी अंतिम रिपोर्ट

रिपोर्ट में अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडे, रमाशंकर मिश्रा, सुभाष श्रीवास्तव और रमाशंकर यादव उर्फ टिन्नू को आरोपी माना गया है।

मामले की जांच शुरू होने के बाद चंपत राय और अनिल मिश्रा ने ट्रस्ट में अपने पदों से इस्तीफा दे दिया था। चंपत राय ने उस समय कहा था कि वह अयोध्या में चार महीने की चातुर्मास साधना करेंगे।

इस बीच मंदिर प्रशासन को मजबूत करने के लिए पूर्णकालिक मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) की नियुक्ति की प्रक्रिया भी शुरू की गई है। बताया जा रहा है कि इस पद के लिए करीब 5,200 आवेदन मिले, जिनमें से 18 उम्मीदवारों को शॉर्टलिस्ट किया गया है। इनमें दक्षिण भारत के मंदिरों में काम कर चुके वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं।

चंपत राय वर्ष 2019 में सुप्रीम कोर्ट के अयोध्या फैसले के बाद गठित श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव बनाए गए थे। ट्रस्ट में कुल 15 सदस्य थे और मंदिर से जुड़े प्रशासनिक कार्यों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

और पढ़ें: राम मंदिर सीईओ पद के उम्मीदवारों से पूछे गए धार्मिक आस्था से जुड़े सवाल, जानें इंटरव्यू में क्या हुआ

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share