खराब खाना और कीड़े-मकौड़े: दिल्ली के JW मैरियट और अंदाज़ होटलों को FSSAI का नोटिस
दिल्ली के दो पांच सितारा होटलों में एफएसएसएआई निरीक्षण के दौरान एक्सपायर्ड मिठाइयां, कीड़े-मकौड़े, खराब खाद्य सामग्री और स्वच्छता संबंधी गंभीर कमियां मिलीं।
दिल्ली के एयरोसिटी स्थित दो प्रतिष्ठित पांच सितारा होटलों अंदाज़ दिल्ली और जेडब्ल्यू मैरियट को भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को लेकर नोटिस जारी किया है। इन होटलों में निरीक्षण के दौरान कई गंभीर खामियां सामने आईं। खास बात यह है कि दोनों होटल आगामी ब्रिक्स बिजनेस फोरम से जुड़े मेजबानी या ठहरने के स्थलों में शामिल हैं। भारत 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी करने वाला है।
एफएसएसएआई के मुताबिक, अंदाज़ दिल्ली बाय हयात में कन्फेक्शनरी सेक्शन से करीब 87 किलोग्राम एक्सपायर्ड मिठाइयां बरामद की गईं, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। इसके अलावा एक्सपायर्ड लेबल वाले ब्रेड पैकेट, खराब केक बेस, मक्खियां और कॉकरोच भी मिले। रसोई में शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों को अलग रखने की व्यवस्था में भी खामियां पाई गईं। दोनों तरह के भोजन के लिए इस्तेमाल होने वाले कटिंग बोर्ड एक ही पानी के कंटेनर में रखे मिले।
वहीं, जेडब्ल्यू मैरियट एयरोसिटी में भी स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा से जुड़ी गंभीर कमियां सामने आईं। एफएसएसएआई ने बताया कि परिसर में कॉकरोच और फल मक्खियों का संक्रमण मिला। गंदे खाद्य-संपर्क सतह, बिना धुले बर्तन और दूषित पानी की आपूर्ति भी पाई गई।
और पढ़ें: दिल्ली में 40 जगहों पर 35 रुपये किलो बिकेगा प्याज, केंद्र ने शुरू की बफर स्टॉक से बिक्री
निरीक्षण में फफूंद लगे सेब और सड़े टमाटर जैसी खराब खाद्य सामग्री भी मिली। कई खाद्य पदार्थ खुले में रखे थे या क्षतिग्रस्त कंटेनरों में स्टोर किए गए थे। शाकाहारी और मांसाहारी उत्पादों को अलग रखने, उचित तापमान बनाए रखने और जरूरी लेबल लगाने में भी लापरवाही मिली।
एफएसएसएआई ने दोनों होटलों से स्पष्टीकरण मांगा है। प्राधिकरण ने कहा कि जांच के दौरान लिए गए नमूनों की रिपोर्ट और होटल की अनुपालन स्थिति के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अंदाज़ दिल्ली प्रबंधन ने कहा कि उसने निरीक्षण में पूरा सहयोग किया है और कमियों को दूर करने के लिए तत्काल कदम उठाए जा रहे हैं।