कौन हैं सीमा पाहुजा? आरजी Kar और हाथरस मामलों की जांच कर चुकीं सीबीआई अधिकारी संभालेंगी दिशा सालियान केस
दिशा सालियान की मौत की नई सीबीआई जांच की निगरानी सीमा पाहुजा करेंगी। वह हाथरस, उन्नाव और आरजी Kar जैसे संवेदनशील मामलों की जांच से जुड़ी रही हैं।
दिशा सालियान की मौत की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की अधिकारी सीमा पाहुजा की निगरानी में होगी। मुंबई हाईकोर्ट के निर्देश के बाद सीबीआई ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, एफआईआर में फिलहाल किसी व्यक्ति को आरोपी नहीं बनाया गया है।
सीमा पाहुजा वर्तमान में नई दिल्ली स्थित सीबीआई मुख्यालय की स्पेशल क्राइम्स यूनिट में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के पद पर तैनात हैं। वह पहले सीबीआई की चंडीगढ़ इकाई में भी काम कर चुकी हैं और कई संवेदनशील व चर्चित आपराधिक मामलों की जांच का अनुभव रखती हैं।
पाहुजा ने हाथरस कांड, उन्नाव दुष्कर्म मामला और कोलकाता के आरजी Kar मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में हुए दुष्कर्म-हत्या मामले की जांच में भूमिका निभाई है। उन्होंने शिमला के चर्चित ‘गुड़िया’ दुष्कर्म-हत्या मामले की जांच में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। रिपोर्टों के अनुसार, इस जांच में आधुनिक फोरेंसिक तकनीकों के इस्तेमाल के लिए उनकी टीम की सराहना हुई थी। वर्ष 2021 में उन्हें ‘बेस्ट इन्वेस्टिगेटिंग ऑफिसर’ के लिए स्वर्ण पदक मिलने की भी जानकारी सामने आई है।
और पढ़ें: मुंबई के मशहूर कैफे मोंडेगर का खाद्य लाइसेंस निलंबित, स्वच्छता नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई
दिशा सालियान केस की जांच
दिशा सालियान की 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड स्थित एक इमारत की 12वीं मंजिल से गिरने के बाद मौत हो गई थी। मौत से पहले वह अपने मंगेतर रोहन राय के घर आयोजित पार्टी में शामिल हुई थीं। सीबीआई पहले पार्टी में मौजूद लोगों के बयान दर्ज करेगी।
जांच में घटनास्थल के रिकॉर्ड, पुराने पुलिस दस्तावेज, फोरेंसिक सामग्री और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों की दोबारा समीक्षा की जाएगी। दिशा की मौत के कुछ दिनों बाद अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की भी मौत हुई थी, जिसके कारण दोनों मामलों के बीच संभावित संबंध को लेकर अटकलें लगी थीं।
छह साल पुराने मामले में सीबीआई के सामने पुराने साक्ष्यों और गवाहों से जुड़ी जानकारी जुटाने की चुनौती है। हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुसार, जांच में सामने आने वाले साक्ष्यों के आधार पर ही किसी व्यक्ति की भूमिका तय की जाएगी।