एसआईआर विवाद पर मुंबई में 500 लोगों पर केस, आज इंडिया ब्लॉक का मार्च
एसआईआर के विरोध में मुंबई और दिल्ली में विपक्षी प्रदर्शन तेज हो गए हैं। मुंबई पुलिस ने कथित बिना अनुमति प्रदर्शन को लेकर 500 लोगों पर एफआईआर दर्ज की है।
विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का विरोध प्रदर्शन शनिवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। मुंबई पुलिस ने शुक्रवार को दादर के शिवाजी पार्क में कथित तौर पर बिना अनुमति प्रदर्शन आयोजित करने के मामले में करीब 500 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 189(2) और 223 तथा महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की धाराओं 37(1), 37(3) और 135 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक, कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के राष्ट्रीय संगठन प्रमुख अजिंक्य शिंदे और मुंबई समन्वयक प्रणव अहिरे ने 2 अक्टूबर को शिवाजी पार्क में प्रदर्शन की अनुमति मांगी थी, लेकिन अनुमति नहीं दी गई।
पुलिस का आरोप है कि इसके बावजूद सार्वजनिक सड़क पर भीड़ जुटी, नारे लगाए गए और बिना अनुमति लाउडस्पीकर का इस्तेमाल किया गया। मामले की जांच के दौरान पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर प्रदर्शन में शामिल लोगों की पहचान कर रही है।
और पढ़ें: एसआईआर के बाद उत्तराखंड में 8 लाख से ज्यादा मतदाता घटे, जानिए अब कितने वोटर बचे
इस बीच, मुंबई में इंडिया ब्लॉक का मार्च निकाला जाएगा। शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में मार्च सुबह 10 बजे मेट्रो सिनेमा जंक्शन से शुरू होकर बीएमसी मुख्यालय तक जाएगा। महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे के भी इसमें शामिल होने की संभावना है। कांग्रेस और शरद पवार के नेतृत्व वाले एनसीपी गुट के नेता और कार्यकर्ता भी हिस्सा ले सकते हैं।
दिल्ली में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) इंडिया गेट से जंतर-मंतर तक मार्च करेगा। सुरक्षा के मद्देनजर चुनाव आयोग कार्यालय की ओर जाने वाले मार्गों पर बैरिकेडिंग की गई है।
शुक्रवार रात जंतर-मंतर के पास प्रदर्शन कर रहे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम ने सीईसी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग दोहराई। वहीं, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने भाजपा-आरएसएस पर मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 के कथित इस्तेमाल का आरोप लगाया।
और पढ़ें: पी. चिदंबरम बोले- एसआईआर विवाद के बीच मुख्य चुनाव आयुक्त के लिए इस्तीफा देना सबसे उचित