दिल्ली हवाई अड्डे पर स्पाइसजेट और अकासा एयर विमान की टक्कर, विंग को नुकसान
दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर स्पाइसजेट और अकासा एयर विमान की टक्कर से नुकसान हुआ। सभी यात्री सुरक्षित रहे और विमान की जांच जारी है।
दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार को एक बड़ा विमान हादसा होते-होते टल गया, जब स्पाइसजेट और अकासा एयर के दो विमानों के बीच ज़मीन पर टक्कर हो गई। यह घटना उस समय हुई जब स्पाइसजेट का बी737-700 विमान टैक्सी कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, इस टक्कर में स्पाइसजेट विमान के दाहिने विंगलेट और अकासा एयर के खड़े विमान के बाएँ क्षैतिज स्टेबलाइज़र को नुकसान पहुँचा है। टक्कर के तुरंत बाद स्पाइसजेट ने प्रभावित विमान को दिल्ली में ग्राउंड कर दिया और तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।
अकासा एयर ने बताया कि उसकी उड़ान क्यूपी 1406, जो दिल्ली से हैदराबाद जा रही थी, पुशबैक के बाद ही वापस बे (Bay) पर लौट आई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अकासा का विमान उस समय स्थिर था जब दूसरी एयरलाइन के विमान ने उससे संपर्क किया।
और पढ़ें: ब्रिटिश एयरवेज ने भारत के लिए बढ़ाई उड़ानें, गर्मियों में बढ़ेगी कनेक्टिविटी
एयरलाइन के अनुसार, सभी यात्रियों और चालक दल को सुरक्षित तरीके से विमान से उतार लिया गया और हैदराबाद जाने वाले यात्रियों के लिए वैकल्पिक यात्रा व्यवस्था की जा रही है।
दोनों एयरलाइनों ने पुष्टि की है कि घटना के तुरंत बाद सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन किया गया और किसी भी यात्री या चालक दल को चोट नहीं आई है।
विमानन नियमों के तहत इस घटना की विस्तृत जांच की जाएगी ताकि टक्कर के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।
गौरतलब है कि पिछले महीने भी अकासा एयर का एक विमान, जो फुकेत से बेंगलुरु जा रहा था, खराब मौसम के दौरान बिजली गिरने की घटना का शिकार हुआ था और उसे चेन्नई में सुरक्षित उतारा गया था।
और पढ़ें: परिसीमन विधेयक से संघीय ढांचे में असंतुलन होगा: इमरान मसूद