सूरत के पास वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव, ट्रेन में सवार थीं यूपी की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल
सूरत के उतरान स्टेशन के पास वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव हुआ। ट्रेन में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी सवार थीं। आरोपी गिरफ्तार किया गया।
मुंबई से अहमदाबाद जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर गुजरात के सूरत स्थित उतरान रेलवे स्टेशन के पास पथराव की घटना सामने आई है। घटना के समय उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी इसी ट्रेन में यात्रा कर रही थीं। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पत्थर फेंकने वाले व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आरोपी मानसिक रूप से अस्थिर बताया जा रहा है।
घटना के बाद रेलवे और सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पथराव किस वजह से किया गया और इसमें किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका तो नहीं है। हालांकि, घटना में राज्यपाल या ट्रेन में सवार यात्रियों को किसी गंभीर नुकसान की सूचना नहीं है।
वंदे भारत ट्रेनों पर पथराव की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। हाल ही में उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में वंदे भारत ट्रेन की सांड से टक्कर हो गई थी। इस हादसे में ट्रेन का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया था। ट्रेन खजुराहो से वाराणसी जा रही थी और हादसे के बाद उसे करीब एक घंटे तक रोकना पड़ा था।
और पढ़ें: यूपी में चीनी का पर्याप्त भंडार, 28 लाख टन स्टॉक; मुख्यमंत्री योगी बोले- सात महीने की सप्लाई मौजूद
कौन हैं आनंदीबेन पटेल?
आनंदीबेन पटेल राजनीति में आने से पहले शिक्षिका थीं। वर्ष 1987 में उन्होंने नर्मदा नदी में डूब रही दो छात्राओं की जान बचाई थी, जिसके लिए उन्हें वीरता पुरस्कार मिला। इसके बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी से जुड़कर राजनीतिक सफर शुरू किया।
वह राज्यसभा सांसद और गुजरात विधानसभा की विधायक रहीं। नरेंद्र मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री रहते उन्होंने शिक्षा, राजस्व और शहरी विकास जैसे महत्वपूर्ण विभाग संभाले। वर्ष 2014 में वह गुजरात की पहली महिला मुख्यमंत्री बनीं और 2016 तक पद पर रहीं।
इसके बाद उन्हें मध्य प्रदेश और फिर उत्तर प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया। जुलाई 2019 से वह उत्तर प्रदेश की राज्यपाल के रूप में जिम्मेदारी संभाल रही हैं।
और पढ़ें: पंजाब में फिर साथ आएंगे बीजेपी और अकाली दल? 2027 चुनाव में बड़े भाई की भूमिका निभा सकती है भाजपा