तेलंगाना में विशेष मतदाता पुनरीक्षण की समयसीमा बढ़ी, 19 अक्टूबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
चुनाव आयोग ने तेलंगाना में विशेष मतदाता पुनरीक्षण की समयसीमा बढ़ा दी है। अब अंतिम मतदाता सूची 19 अक्टूबर को प्रकाशित होगी और दावे-आपत्तियों के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा।
भारत निर्वाचन आयोग ने शनिवार को तेलंगाना में चल रहे विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन-एसआईआर) कार्यक्रम की समयसीमा बढ़ाने का फैसला किया है। संशोधित कार्यक्रम के अनुसार अब राज्य की अंतिम मतदाता सूची 19 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी। आयोग ने 1 अक्टूबर 2026 को अर्हता तिथि (क्वालिफाइंग डेट) निर्धारित किया है।
निर्वाचन आयोग ने बताया कि तेलंगाना के मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा मतदाता गणना की प्रक्रिया पूरी करने के लिए अतिरिक्त समय मांगे जाने के बाद यह निर्णय लिया गया। निर्वाचन आयोग के सचिव पवन दीवान द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की घर-घर जाकर मतदाता सत्यापन प्रक्रिया तथा मतदान केंद्रों के पुनर्गठन और युक्तिकरण का कार्य अब 10 अगस्त 2026 तक जारी रहेगा।
संशोधित कार्यक्रम के तहत प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची 17 अगस्त 2026 को प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद मतदाता 17 अगस्त से 16 सितंबर 2026 तक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। आयोग ने स्पष्ट किया कि दावों और आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 17 अगस्त से 15 अक्टूबर तक चलेगी, जिसके बाद 19 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी जाएगी।
निर्वाचन आयोग ने राज्य के सभी निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिया है कि संशोधित कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सभी माध्यमों से किया जाए तथा सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को लिखित रूप में इसकी जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
इसी बीच आयोग ने आंध्र प्रदेश में विशेष गहन मतदाता पुनरीक्षण के तहत प्रारूप मतदाता सूची भी जारी कर दी है। वहीं ओडिशा में भी मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अंतिम तिथि 4 अगस्त से बढ़ाकर 19 अगस्त 2026 कर दी गई है। आयोग का कहना है कि इन संशोधनों का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं को सूची में शामिल करना और प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना है।