×
 

वेनेजुएला में सत्ता परिवर्तन पर चर्चा: अमेरिकी शीर्ष राजनयिक ने अंतरिम राष्ट्रपति से की बातचीत

वेनेजुएला में अमेरिकी शीर्ष राजनयिक ने अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज से सत्ता परिवर्तन पर चर्चा की, जबकि नई कैबिनेट नियुक्तियों से अमेरिका-वेनेजुएला संबंधों में बदलाव के संकेत मिले।

वेनेजुएला में अमेरिका की शीर्ष राजनयिक प्रतिनिधि लॉरा डोगू ने कहा है कि उन्होंने देश की अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज के साथ सत्ता परिवर्तन (ट्रांजिशन) के मुद्दे पर चर्चा की है। यह बातचीत सोमवार (2 फरवरी 2026) को हुई, जो पूर्व राष्ट्रपति निकोलस मादुरो को हटाए जाने के बाद राजनीतिक बदलाव की दिशा में एक अहम संकेत मानी जा रही है।

अमेरिकी मिशन प्रमुख लॉरा डोगू ने कहा कि उनकी डेल्सी रोड्रिगेज के साथ “स्थिरीकरण, आर्थिक सुधार, राष्ट्रीय सुलह और सत्ता परिवर्तन” को लेकर बातचीत हुई। यह बयान अमेरिकी दूतावास के आधिकारिक अकाउंट से जारी किया गया, जिसके साथ दोनों नेताओं की मुलाकात की एक तस्वीर भी साझा की गई।

इसी दिन अंतरिम राष्ट्रपति डेल्सी रोड्रिगेज ने अपनी राष्ट्रपति कैबिनेट में कई अहम नियुक्तियां भी कीं। इनमें पूर्व विदेश मंत्री फेलिक्स प्लासेंसिया को अमेरिका में वेनेजुएला के राजनयिक मिशन का प्रमुख बनाए जाने का फैसला सबसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह नियुक्ति काराकस और वाशिंगटन के बीच संबंधों में एक बड़े बदलाव का संकेत है। गौरतलब है कि 2019 में अमेरिका ने निकोलस मादुरो के पुनः चुनाव को मान्यता देने से इनकार कर दिया था और विपक्षी नेता जुआन गुएदो के नेतृत्व वाली समानांतर सरकार का समर्थन किया था, जिसके बाद दोनों देशों के कूटनीतिक संबंध टूट गए थे।

और पढ़ें: ट्रंप का दावा: मेक्सिको क्यूबा को तेल भेजना करेगा बंद, बढ़ा अमेरिका का दबाव

डेल्सी रोड्रिगेज ने इसके अलावा, शक्तिशाली आंतरिक मंत्री डियोसदादो कैबेलो की बेटी डेनिएला कैबेलो को पर्यटन मंत्री नियुक्त किया है।

वहीं, वेनेजुएला की प्रमुख विपक्षी नेता मारिया कोरीना माचाडो ने कहा कि यदि सत्ता परिवर्तन की समय-सीमा तय करने के लिए जरूरी हुआ, तो वह अंतरिम राष्ट्रपति रोड्रिगेज से मिलने को तैयार हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मौजूदा अंतरिम सरकार अब भी “माफिया” जैसी ही है, भले ही उसका नाम बदल गया हो।

इन घटनाक्रमों से साफ है कि वेनेजुएला में राजनीतिक संक्रमण की प्रक्रिया को लेकर हलचल तेज हो गई है और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी इस पर करीबी नजर रखी जा रही है।

और पढ़ें: भारत-अमेरिका ट्रेड डील को केंद्रीय मंत्रियों ने बताया ऐतिहासिक, कांग्रेस बोली—पीएम ने अंततः किया आत्मसमर्पण

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share