×
 

व्हाट्सऐप ने भारत में शुरू की बिल भुगतान सुविधा, ऐसे करें बिजली-पानी समेत अन्य बिलों का भुगतान

व्हाट्सऐप ने भारत में बिल भुगतान सुविधा शुरू की है, जिससे उपयोगकर्ता बिजली, गैस, पानी, फास्टैग, बीमा और ऋण समेत विभिन्न बिल सीधे ऐप से चुका सकेंगे।

मेटा के लोकप्रिय इंस्टेंट मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सऐप ने भारत में बिल भुगतान की नई सुविधा शुरू करने की घोषणा की है। इसके जरिए उपयोगकर्ता बिजली, गैस, पानी समेत घरेलू और अन्य उपयोगिता बिलों को सीधे व्हाट्सऐप के माध्यम से खोज, प्रबंधित और भुगतान कर सकेंगे।

कंपनी के अनुसार, यह सुविधा चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जा रही है और आने वाले सप्ताहों में सभी एंड्रॉयड और आईओएस उपयोगकर्ताओं के लिए शुरू हो जाएगी। यह सेवा भारत कनेक्ट (बीबीपीएस) नेटवर्क से संचालित होगी। इसके तहत उपयोगकर्ता 30 श्रेणियों में करीब 22,722 बिलर्स के बिलों का भुगतान कर सकेंगे। इनमें बिजली, गैस, पानी, फास्टैग, बीमा, क्रेडिट कार्ड और ऋण की किस्तें शामिल हैं।

मेटा इंडिया के प्रबंध निदेशक अरुण श्रीनिवास ने कहा कि व्हाट्सऐप परिवार और दोस्तों से जुड़े रहने, कारोबारों से बातचीत करने, नागरिक सेवाओं तक पहुंचने और विभिन्न सेवाएं खरीदने का आसान माध्यम बन चुका है। नई सुविधा से बिल भुगतान भी संदेश भेजने जितना सरल बनाने का प्रयास किया गया है।

और पढ़ें: व्हाट्सऐप की निगरानी के लिए नई गाइडलाइन जारी करने का दावा फर्जी, सरकार ने किया खंडन

इस सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए व्हाट्सऐप की होम स्क्रीन के ऊपर दिखाई देने वाले रुपये के चिन्ह पर टैप करना होगा। इसके बाद पेमेंट्स सेक्शन में जाकर बिल की श्रेणी और बिलर चुनना होगा। उपयोगकर्ता को खाता संख्या या उपभोक्ता पहचान संख्या दर्ज करनी होगी। इसके बाद बिल की राशि और उपभोक्ता विवरण दिखाई देंगे।

भुगतान के लिए यूपीआई, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड का विकल्प मिलेगा। पहले भुगतान किए गए बिलर्स एक टैप में उपलब्ध होंगे। उपयोगकर्ता एक ही बिलर के साथ कई खाते जोड़ सकेंगे और घर, कार्यालय या परिवार के अलग-अलग बिल एक जगह संभाल सकेंगे। बार-बार इस्तेमाल की जाने वाली श्रेणियां ऊपर दिखाई देंगी। पिछले भुगतान और आगामी बिल भी आसानी से देखे जा सकेंगे।

बिल भुगतान के चरण:

  1. व्हाट्सऐप खोलकर होम स्क्रीन पर रुपये के चिन्ह पर टैप करें।
  2. बिल की श्रेणी और बिलर चुनें।
  3. खाता संख्या या उपभोक्ता पहचान संख्या दर्ज कर पहचान की पुष्टि करें।
  4. बिल की राशि और उपभोक्ता विवरण जांचें।
  5. यूपीआई, डेबिट कार्ड या क्रेडिट कार्ड से भुगतान पूरा करें।

और पढ़ें: एसआईआर के बाद पंजाब की ड्राफ्ट मतदाता सूची से दो बार के सांसद धर्मवीर गांधी का नाम गायब

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share