×
 

यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती बस में लगी आग, 9 की मौत

यमुना एक्सप्रेसवे पर नोएडा एयरपोर्ट के पास चलती स्लीपर बस में आग लगने से नौ यात्रियों की मौत हुई। कई लोग घायल हैं। राहत और जांच अभियान जारी है।

यमुना एक्सप्रेसवे पर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास गुरुवार सुबह एक स्लीपर यात्री बस में अचानक आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल बताए जा रहे हैं। बस में करीब 30 से 40 यात्री सवार थे। मृतकों में आठ पुरुष और एक महिला शामिल हैं।

आग लगते ही बस के अंदर अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते धुआं पूरी बस में फैल गया और यात्रियों के लिए बाहर निकलना मुश्किल हो गया। कई यात्रियों ने किसी तरह बस के दरवाजे तक पहुंचकर अपनी जान बचाई। घने धुएं के कारण यात्रियों को सांस लेने में भी परेशानी हुई।

यात्री ने सुनाई भयावह घटना

बस में सफर कर रही एक महिला यात्री ने घटना के भयावह पल याद करते हुए बताया कि जब आग लगी, तब वह सो रही थी। अचानक किसी ने दरवाजा पीटकर आग लगने की जानकारी दी। महिला के मुताबिक, जगने के बाद उसने अपना कोई सामान नहीं उठाया और यहां तक कि जूते भी नहीं पहने। उसने सिर्फ अपना मोबाइल लिया और बस से बाहर निकल गई।

और पढ़ें: नोएडा एयरपोर्ट पर पहली बार उतरे रूसी सेना के तीन विमान, पुतिन की यात्रा से जोड़कर देखा जा रहा कदम

यात्री ने बताया कि कुछ ही देर में बस धुएं से भर गई और कुछ भी दिखाई नहीं दे रहा था। बाहर निकलने की कोशिश में यात्री एक-दूसरे को धक्का देने लगे। उसने कहा कि बहुत कम लोग ही इस अफरा-तफरी के बीच बाहर निकल सके।

सीएम योगी ने दिए इलाज के निर्देश

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर शोक जताया और मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, उन्होंने अधिकारियों को घायलों का उचित इलाज सुनिश्चित करने और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देने के निर्देश दिए।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां और राहत दल मौके पर पहुंचे। आग पर काबू पाने के बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम शुरू किया गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। हादसे में मृतकों और घायलों की अंतिम संख्या की पुष्टि अभी बाकी है।

और पढ़ें: दिल्ली में तेज रफ्तार वैगनआर पलटी, हादसे के दौरान कार का शीशा तोड़कर बाहर निकला युवक

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share