राष्ट्रमंडल खेल 2026: रोमांचक टाई-ब्रेक में माल्टा को हराकर भारत की महिला युगल टीम ने की विजयी शुरुआत
राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत की रूपा रानी तिर्की और पिंकी सिंह की जोड़ी ने रोमांचक टाई-ब्रेक में माल्टा को हराकर महिला युगल बाउल्स स्पर्धा में शानदार शुरुआत की।
ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेल 2026 में भारत की महिला युगल बाउल्स टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने अभियान की विजयी शुरुआत की। रूपा रानी तिर्की और पिंकी सिंह की भारतीय जोड़ी ने खेले गए महिला युगल मुकाबले में माल्टा को रोमांचक टाई-ब्रेक में हराकर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की।
स्कॉटिश इवेंट कैंपस (एसईसी) हॉल-3 में खेले गए ग्रुप-बी के शुरुआती मुकाबले में भारतीय टीम ने पहले सेट में एकतरफा प्रदर्शन किया। लीड खिलाड़ी रूपा रानी तिर्की और स्किप पिंकी सिंह की जोड़ी ने माल्टा की रेबेका लुईस रिक्सन और कोनी-ले रिक्सन की जोड़ी को 7-1 से हराकर मुकाबले में 1-0 की बढ़त बना ली।
हालांकि, दूसरे सेट में माल्टा की टीम ने जोरदार वापसी की। रेबेका और कोनी-ले रिक्सन ने बेहतर रणनीति और सटीक खेल का प्रदर्शन करते हुए दूसरा सेट 4-3 से अपने नाम कर लिया, जिससे मुकाबला बराबरी पर पहुंच गया और विजेता का फैसला टाई-ब्रेक से करना पड़ा।
और पढ़ें: राष्ट्रमंडल खेलों से पहले भारतीय मुक्केबाजी दल को बड़ा झटका, खिलाड़ियों का सामान बेलफास्ट में छूटा
टाई-ब्रेक के दौरान मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। एक समय भारतीय जोड़ी पिछड़ती नजर आ रही थी, लेकिन अंतिम बाउल पर पिंकी सिंह ने शानदार निशाना लगाकर स्थिति पलट दी और भारत को यादगार जीत दिला दी। उनकी सूझबूझ और दबाव में संयमित प्रदर्शन की खेल विशेषज्ञों ने सराहना की।
बाउल्स खेल में 'स्किप' टीम का कप्तान और सबसे अनुभवी खिलाड़ी होता है। वही पूरी रणनीति तय करता है और प्रत्येक 'एंड' में अंतिम दो बाउल फेंकता है। वहीं 'लीड' खिलाड़ी खेल की शुरुआत करता है, मैट बिछाने की जिम्मेदारी निभाता है और लक्ष्य के सबसे करीब बाउल पहुंचाने का प्रयास करता है। एक सेट में कुल पांच 'एंड' खेले जाते हैं।
भारत की इस जीत ने राष्ट्रमंडल खेलों में महिला बाउल्स स्पर्धा में टीम का आत्मविश्वास बढ़ाया है। शुरुआती मुकाबले में मिली यह सफलता आगे के मैचों के लिए भारतीय जोड़ी के मनोबल को मजबूत करेगी।
और पढ़ें: ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में पदकों के साथ ज्ञान हस्तांतरण भी अहम: रोहित राजपाल