×
 

एशियाई खेलों में भारत-पाकिस्तान मुकाबले का होगा खास महत्व, इस बार नहीं अपनाया गया पारंपरिक तरीका

एशियाई खेलों में भारत और पाकिस्तान सीधे क्वार्टर फाइनल में उतरेंगे। दोनों टीमें सेमीफाइनल में नहीं भिड़ सकतीं और मुकाबला केवल स्वर्ण या कांस्य पदक के लिए संभव होगा।

एशियाई खेलों में भारत-पाकिस्तान मुकाबला होगा खास

एशियाई खेल 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच संभावित क्रिकेट मुकाबला इस बार बेहद खास होने वाला है। दोनों देशों की टीमें जब भी क्रिकेट मैदान पर आमने-सामने आती हैं, मुकाबला प्रशंसकों के बीच खास आकर्षण का केंद्र बन जाता है। हालांकि, एशियाई खेलों में दोनों टीमों के बीच संभावित मुकाबले का प्रारूप इस बार पारंपरिक नहीं होगा।

आइची-नगोया एशियाई खेल 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक आयोजित होंगे। क्रिकेट प्रतियोगिता में भारत और पाकिस्तान को सीधे क्वार्टर फाइनल में जगह दी गई है। दोनों टीमें ग्रुप चरण में कोई मुकाबला नहीं खेलेंगी और प्रारंभिक दौर में अपने-अपने प्रतिद्वंद्वियों के प्रदर्शन का इंतजार करेंगी।

और पढ़ें: आर्थिक संघर्ष और आत्मविश्वास की लड़ाई पार कर एशियाई खेलों की टीम में पहुंचीं विदर्षा विनोद

प्रारंभिक दौर के ग्रुप ए में अफगानिस्तान, जापान और नेपाल शामिल हैं, जबकि ग्रुप बी में हांगकांग चीन, मलेशिया और ओमान हैं। भारत, पाकिस्तान, श्रीलंका और बांग्लादेश को पहले ही क्वार्टर फाइनल में स्थान दिया गया है।

भारत-पाकिस्तान मुकाबला केवल पदक के लिए संभव

भारत क्वार्टर फाइनल-2 में खेलेगा, जबकि पाकिस्तान क्वार्टर फाइनल-1 में उतरेगा। क्वार्टर फाइनल-2 की विजेता टीम सेमीफाइनल में क्वार्टर फाइनल-3 की विजेता से भिड़ेगी। वहीं, क्वार्टर फाइनल-1 की विजेता टीम का सामना क्वार्टर फाइनल-4 की विजेता से होगा।

इस व्यवस्था के कारण भारत और पाकिस्तान सेमीफाइनल में एक-दूसरे के खिलाफ नहीं खेल सकते। यदि एक टीम सेमीफाइनल हारती है और दूसरी जीतती है, तो दोनों का मुकाबला नहीं होगा। अगर दोनों टीमें सेमीफाइनल जीतती हैं, तो वे स्वर्ण पदक के लिए फाइनल में भिड़ेंगी। वहीं, दोनों के सेमीफाइनल हारने की स्थिति में कांस्य पदक के लिए मुकाबला होगा।

महिला क्रिकेट में भी यही स्थिति

महिला प्रतियोगिता में भी यही प्रारूप लागू होगा। भारत पहली वरीयता और पाकिस्तान चौथी वरीयता पर है। भारत क्वार्टर फाइनल में जापान से भिड़ेगा, जबकि पाकिस्तान का सामना थाईलैंड से होगा।

भारत सेमीफाइनल में पहुंचता है तो उसका मुकाबला बांग्लादेश या हांगकांग चीन से होगा। वहीं, पाकिस्तान को श्रीलंका या मलेशिया में से किसी टीम का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए महिला वर्ग में भी भारत-पाकिस्तान मुकाबला केवल स्वर्ण या कांस्य पदक के लिए ही संभव है।

और पढ़ें: द हंड्रेड 2026 में मिचेल मार्श का बल्ला गरज रहा, 350 से ज्यादा रन बनाने वाले अकेले बल्लेबाज

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share