विश्व कप फाइनल के बाद मारपीट पड़ी भारी, अर्जेंटीना के लियांद्रो पेरेदेस पर 10 मैच का प्रतिबंध
विश्व कप 2026 फाइनल के बाद स्पेन के खिलाड़ियों से भिड़ने पर अर्जेंटीना के लियांद्रो पेरेदेस पर फीफा ने 10 मैच का प्रतिबंध लगाया। उन पर भारी जुर्माना भी लगाया गया।
अर्जेंटीना के मिडफील्डर लियांद्रो पेरेदेस को फीफा विश्व कप 2026 के फाइनल के बाद स्पेन के खिलाड़ियों से भिड़ना भारी पड़ गया है। फीफा ने पेरेदेस पर 10 मैचों का प्रतिबंध लगाने के साथ-साथ 90 हजार अमेरिकी डॉलर का जुर्माना भी लगाया है। फाइनल मुकाबले के बाद मैदान पर हुए विवाद को लेकर फीफा ने जुलाई 2026 में अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू की थी।
पेरेदेस के खिलाफ तीन आरोप लगाए गए थे। इसके अलावा अर्जेंटीना के नाहुएल मोलिना पर दो आरोप लगे। फीफा के अनुसार, मोलिना को सात मैचों के लिए निलंबित किया गया है और उन पर भी 90 हजार डॉलर का जुर्माना लगाया गया है।
वहीं, अर्जेंटीना टीम के अल्मादा पर 30 हजार डॉलर का जुर्माना और एक मैच का प्रतिबंध लगाया गया है। टीम के स्टाफ सदस्य रोबर्टो अयाला को भी 30 हजार डॉलर का जुर्माना और तीन मैचों के निलंबन की सजा मिली है। फीफा ने स्पष्ट किया है कि ये प्रतिबंध संबंधित टीमों के आगामी मुकाबलों में लागू होंगे।
और पढ़ें: ट्रंप बोले- फीफा अध्यक्ष जियानी इन्फेंटिनो को हटाना बहुत बड़ी गलती होगी
फाइनल के बाद क्या हुआ था?
विश्व कप फाइनल के दौरान पेरेदेस कई फाउल के बाद भी लाल कार्ड से बच गए थे। हालांकि, मुकाबला खत्म होने के बाद स्पेन के खिलाड़ियों के साथ हुई झड़प ने उनकी मुश्किल बढ़ा दी।
बताया गया कि मोलिना ने स्पेन के खिलाड़ी रोद्री के साथ विवाद की शुरुआत की। जश्न मनाते हुए मैदान से गुजर रहे रोद्री को मोलिना ने कथित तौर पर पेट में मुक्का मारा। इसके बाद स्थिति बिगड़ गई। पेरेदेस ने एरिक गार्सिया को पकड़कर जमीन पर धक्का दे दिया।
घटना के बाद फीफा ने अर्जेंटीना फुटबॉल संघ (एएफए) पर भी कड़ी कार्रवाई की। नियमों के उल्लंघन के लिए संघ पर 3 लाख 21 हजार डॉलर का जुर्माना लगाया गया।
फीफा के अनुसार, सेमीफाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ अर्जेंटीना की जीत के दौरान प्रशंसकों द्वारा राजनीतिक नारे लगाए गए थे। प्रतियोगिता में राजनीतिक नारों का इस्तेमाल नियमों के तहत प्रतिबंधित है और इसके उल्लंघन पर जुर्माने का प्रावधान है।