×
 

दिल्ली का लाल किला पर्यटकों के लिए बंद, जानिए क्यों लिया गया फैसला और कब तक नहीं मिलेगी एंट्री

स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था के चलते दिल्ली का लाल किला 15 जुलाई से 15 अगस्त तक आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली स्थित ऐतिहासिक लाल किला 15 जुलाई से 15 अगस्त 2026 तक आम पर्यटकों के लिए बंद रहेगा। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए यह आदेश जारी किया है। इस अवधि के दौरान देशी और विदेशी पर्यटकों को लाल किले में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

एएसआई द्वारा 9 जुलाई को जारी आदेश में कहा गया है कि प्राचीन स्मारक एवं पुरातात्विक स्थल एवं अवशेष नियम, 1959 के नियम-5 के तहत लाल किले को 15 जुलाई से 15 अगस्त तक स्वतंत्रता दिवस समारोह समाप्त होने तक आम जनता के लिए बंद रखा जाएगा। हर वर्ष प्रधानमंत्री इसी ऐतिहासिक स्मारक की प्राचीर से देश को संबोधित करते हैं, इसलिए समारोह से पहले व्यापक सुरक्षा और तकनीकी तैयारियां की जाती हैं।

लाल किला बंद करने के पीछे कई प्रमुख कारण हैं। सबसे पहला कारण 15 अगस्त को होने वाले भव्य स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री, विशिष्ट अतिथियों और अन्य गणमान्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे परिसर का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया है और सुरक्षा ऑडिट शुरू कर दिया है।

और पढ़ें: क्या ट्रंप ने ईरान को हमलों से पहले दी थी कोई समयसीमा? अमेरिकी राष्ट्रपति बोले- डेडलाइन देना पसंद नहीं, लेकिन तेहरान संभल जाए

इस दौरान लाल किले के भीतर बैरिकेडिंग, मंच निर्माण, ध्वनि एवं प्रकाश व्यवस्था, संचार प्रणाली और अन्य तकनीकी उपकरणों की स्थापना का कार्य किया जाएगा। सुरक्षा कारणों से पूरे परिसर में प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।

पिछले कुछ वर्षों की तरह इस बार भी लाल किला पूरे 30 दिनों तक बंद रहेगा। वर्ष 2025 में भी स्मारक को 30 दिनों के लिए बंद किया गया था। यह व्यवस्था वर्ष 2022 से लगातार लागू की जा रही है। हालांकि इससे पहले बंद रहने की अवधि कम होती थी। वर्ष 2021 में लाल किला 26 दिनों तक बंद रहा था, जबकि 2018 में केवल 8 दिनों के लिए आम लोगों की एंट्री रोकी गई थी।

यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल का दर्जा प्राप्त लाल किला 15 अगस्त 1947 से भारत के स्वतंत्रता दिवस समारोह का मुख्य केंद्र रहा है। हर वर्ष स्वतंत्रता दिवस पर केवल सरकार द्वारा जारी विशेष पास रखने वाले लोगों को ही प्रवेश की अनुमति मिलती है। समारोह के दौरान बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और कड़ी जांच के बीच कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। ऐसे में लाल किला 15 अगस्त के समारोह के समापन के बाद ही आम पर्यटकों के लिए दोबारा खोला जाएगा।

और पढ़ें: पुरी रथ यात्रा आज: सीसीटीवी, एआई निगरानी और 13 हजार पुलिसकर्मियों के बीच निकलेगी भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share