बॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने अपनी आगामी फिल्म 'श्री रामभूमि' से अपना पहला लुक साझा किया है। उन्होंने खुलासा किया कि इस फिल्म में वह अशोक सिंघल की भूमिका निभा रहे हैं। अभिनेता ने इस किरदार को अपने करियर की सबसे महत्वपूर्ण भूमिकाओं में से एक बताते हुए कहा कि इसे पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ निभाना उनके लिए बड़ी जिम्मेदारी है।
फिल्म की शूटिंग इन दिनों अयोध्या में चल रही है। अनुपम खेर ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर सेट से कई तस्वीरें साझा कीं। तस्वीरों में वह सफेद कुर्ता-पायजामा, गले में पारंपरिक अंगोछा, माथे पर लाल-सफेद तिलक और चश्मा लगाए नजर आ रहे हैं। उनका यह लुक अशोक सिंघल से काफी मिलता-जुलता दिखाई देता है।
पोस्ट साझा करते हुए अनुपम खेर ने बताया कि उनके किरदार की कुछ तस्वीरें पहले ही सोशल मीडिया पर वायरल हो चुकी थीं। इसलिए उन्होंने स्वयं अपने प्रशंसकों को यह जानकारी देना उचित समझा कि वह फिल्म में अशोक सिंघल की भूमिका निभा रहे हैं।
और पढ़ें: इक्का मूवी रिव्यू: अक्षय खन्ना का दमदार अभिनय, सनी देओल की भावुक कहानी लेकिन कोर्टरूम ड्रामा कमजोर
उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि अशोक सिंघल ने श्री राम जन्मभूमि आंदोलन को दृढ़ संकल्प, समर्पण और अटूट आस्था के साथ दिशा दी। वह केवल एक नेता नहीं थे, बल्कि भगवान श्रीराम के समर्पित सेवक भी थे। उनकी आस्था, संवेदनशीलता और दृढ़ विश्वास ने इस आंदोलन को नई ऊर्जा प्रदान की।
अनुपम खेर ने कहा कि इतने महत्वपूर्ण ऐतिहासिक व्यक्तित्व को पर्दे पर सच्चाई और संवेदनशीलता के साथ जीवंत करना उनके लिए बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह इस भूमिका के लिए अपना शत-प्रतिशत समर्पण देंगे और प्रशंसकों से आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं भी मांगीं।
वर्क फ्रंट की बात करें तो अनुपम खेर हाल ही में फिल्म 'द बंगाल फाइल्स' में नजर आए थे, जिसे वर्ष 2025 की बड़ी हिंदी फिल्मों में गिना गया। इसके अलावा उन्होंने 'तन्वी द ग्रेट', 'मेट्रो... इन दिनों', 'तुमको मेरी कसम', 'इमरजेंसी' और नेटफ्लिक्स की फिल्म 'विजय 69' में भी अभिनय किया है।
और पढ़ें: चेक बाउंस मामले में राजपाल यादव को जाना होगा जेल, दिल्ली हाईकोर्ट ने बरकरार रखी सजा