बॉलीवुड निर्देशक रोहित शेट्टी ने अपनी आने वाली फिल्म ‘गोलमाल 5’ को लेकर चल रही अफवाहों पर विराम लगा दिया है। हाल ही में खबरें सामने आई थीं कि रोहित शेट्टी अपनी सुपरहिट कॉमेडी फ्रेंचाइजी ‘गोलमाल’ की अगली कड़ी पर काम शुरू करने जा रहे हैं और इसमें अक्षय कुमार तथा अजय देवगन की जोड़ी नजर आएगी। इस खबर से फैंस काफी उत्साहित हो गए थे, क्योंकि दोनों स्टार्स ने पहले भी कई फिल्मों में साथ काम किया है।
इसी बीच यह भी कहा जा रहा था कि ‘गोलमाल 5’ अमिताभ बच्चन और शशि कपूर की क्लासिक फिल्म ‘दो और दो पांच’ से प्रेरित होगी। चूंकि रोहित शेट्टी पहले भी कुछ फिल्मों के रीमेक बना चुके हैं, इसलिए इस खबर ने तेजी से सुर्खियां बटोरीं। हालांकि अब निर्देशक ने आधिकारिक बयान जारी कर इन सभी दावों को पूरी तरह निराधार बताया है।
रोहित शेट्टी ने कहा कि ‘गोलमाल 5’ किसी भी फिल्म की रीमेक नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मीडिया में जो रिपोर्ट्स चल रही हैं, उनमें कोई सच्चाई नहीं है। उन्होंने मीडिया संस्थानों से अपील की कि वे बिना पुष्टि के फिल्म से जुड़ी खबरें प्रकाशित न करें। रोहित ने यह भी कहा कि ‘गोलमाल 5’ से संबंधित कोई भी आधिकारिक जानकारी केवल उनके या उनके प्रोडक्शन हाउस की ओर से जारी बयान को ही माना जाए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि गलत या अपुष्ट खबरें प्रकाशित करने पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
और पढ़ें: 29 साल बाद सनी देओल-अक्षय खन्ना की जोड़ी वापसी, नेटफ्लिक्स पर आएगी फिल्म इक्का
गौरतलब है कि रोहित शेट्टी फिलहाल जॉन अब्राहम के साथ ‘मारिया आईपीएस’ नामक फिल्म पर काम कर रहे हैं, जो मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर राकेश मारिया की जिंदगी पर आधारित है। इस फिल्म की शूटिंग लगभग पूरी हो चुकी है और जल्द ही इसकी रिलीज डेट का ऐलान किया जा सकता है। इसके बाद रोहित शेट्टी ‘गोलमाल 5’ की शूटिंग शुरू करेंगे, जो उनकी सबसे सफल कॉमेडी फ्रेंचाइजी का अगला भाग होगा।
और पढ़ें: अमिताभ बच्चन का वह एक नियम जिसने निजी और पेशेवर जीवन को रखा हमेशा अलग