एयर इंडिया की फुकेत-दिल्ली उड़ान के दौरान विमान की ऊंचाई अचानक कम होने की घटना की अब विमान दुर्घटना जांच ब्यूरो यानी एएआईबी जांच करेगा। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने इस घटना को गंभीर बताया है। घटना 4 अगस्त को हुई थी, जब एयर इंडिया के एयरबस A320 विमान वीटी-ईएक्सओ की ऊंचाई अचानक करीब 300 फीट घट गई थी। विमान में 137 यात्री सवार थे और कुछ यात्रियों को चोटें आई थीं।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, निर्धारित मानक संचालन प्रक्रिया के तहत विमान के दोनों चालक दल के सदस्यों की मनो-सक्रिय पदार्थों की जांच की गई। इसमें कमांडर पायलट की रिपोर्ट में ऐसा परिणाम सामने आया, जिसके बाद पुष्टि के लिए दोबारा जांच आवश्यक बताई गई। पायलट के नमूने निर्धारित प्रयोगशाला में भेज दिए गए हैं और अंतिम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
दोनों चालक दल ड्यूटी से हटाए गए
मंत्रालय ने बताया कि जांच पूरी होने और पुष्टि वाली रिपोर्ट आने तक दोनों चालक दल के सदस्यों को ड्यूटी रोस्टर से हटा दिया गया है। आगे की कार्रवाई जांच और अंतिम परीक्षण के नतीजों के आधार पर की जाएगी। मंत्रालय और नागर विमानन महानिदेशालय ने कहा कि विमानन सुरक्षा के उच्चतम मानकों को बनाए रखना उनकी प्राथमिकता है।
और पढ़ें: फुकेत-दिल्ली उड़ान के पायलट के डोप टेस्ट में फेल होने की खबरों पर एयर इंडिया बोली- टिप्पणी की स्थिति में नहीं
एयर इंडिया की उड़ान फुकेत से सुबह 8:25 बजे रवाना हुई थी और भारतीय समयानुसार सुबह 11:50 बजे दिल्ली सुरक्षित पहुंची। विमान उतरने के बाद सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने सुरक्षित रूप से विमान से बाहर निकल गए। एयर इंडिया ने कहा कि किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
हालांकि, कुछ यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को मामूली चोटें आने के बाद एहतियातन हवाई अड्डे की चिकित्सा सुविधा में ले जाया गया। वहीं, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से सामने आए दृश्यों में कुछ घायल यात्रियों को व्हीलचेयर पर इलाज के लिए ले जाते हुए देखा गया।
और पढ़ें: एयर इंडिया की फुकेत-दिल्ली फ्लाइट में बड़ा झटका, 300 फीट नीचे गिरा विमान; 12 यात्री और क्रू सदस्य घायल