नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर तेज आंधी और भारी बारिश के कारण एयर इंडिया के तीन विमान क्षतिग्रस्त हो गए। एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार यह घटना रात टर्मिनल-2 पर हुई, जब अचानक मौसम खराब हो गया और तेज हवाओं ने हवाई अड्डे पर खड़े ग्राउंड सपोर्ट उपकरणों को अपनी चपेट में ले लिया।
दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (DIAL) के मुताबिक, एयर इंडिया इंजीनियरिंग और इंडिगो के कुछ ग्राउंड उपकरण तेज हवाओं के कारण अपनी जगह से खिसक गए और पार्क किए गए विमानों से टकरा गए। इस टक्कर से एयर इंडिया के तीन नैरोबॉडी विमान क्षतिग्रस्त हो गए।
घटना के तुरंत बाद प्रभावित तीनों विमानों को परिचालन से हटा दिया गया और उनकी जांच व मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया। सूत्रों के अनुसार, दो विमानों को मामूली नुकसान पहुंचा है और वे कुछ दिनों में फिर से सेवा में लौट सकते हैं। हालांकि तीसरे विमान को अपेक्षाकृत अधिक नुकसान हुआ है, जिसके कारण उसे लंबे समय तक ग्राउंडेड रखा जा सकता है।
और पढ़ें: बेंगलुरु हवाई अड्डे पर एयर इंडिया विमान की लैंडिंग के दौरान टेल स्ट्राइक, सभी यात्री सुरक्षित
इस घटना में किसी यात्री या कर्मचारी के घायल होने की सूचना नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि मौसम में अचानक आए बदलाव ने ग्राउंड स्टाफ को भी चौंका दिया। DIAL ने बताया कि मौसम खराब होने को लेकर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की ओर से पहले कोई चेतावनी जारी नहीं की गई थी। सामान्यतः ऐसी चेतावनी मिलने पर विमानों के आसपास मौजूद उपकरणों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया जाता है।
इस बीच, एयर इंडिया ने अभी तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। उल्लेखनीय है कि कुछ महीने पहले भी दिल्ली एयरपोर्ट पर घने कोहरे के दौरान एयर इंडिया के एक एयरबस A350 से विमान को नुकसान पहुंचा था।
इसके अलावा, हाल ही में बेंगलुरु से दिल्ली आ रही एयर इंडिया की उड़ान AI2802 के इंजन में लैंडिंग के दौरान आग लगने की घटना भी सामने आई थी। हालांकि विमान सुरक्षित रूप से उतर गया था और सभी यात्री व चालक दल सुरक्षित रहे।
और पढ़ें: एयर इंडिया ने जून से अंतरराष्ट्रीय उड़ानों में कटौती की, कुछ विदेशी रूट्स को अस्थायी रूप से निलंबित किया