मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार शाम (3 फरवरी, 2026) एयर इंडिया और इंडिगो के दो विमानों के विंगटिप्स आपस में छू जाने की घटना सामने आई। अधिकारियों के अनुसार, इस घटना के बाद दोनों विमानों को तकनीकी जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
एयर इंडिया का विमान टेक-ऑफ से पहले टैक्सीवे पर खड़ा था, जबकि इंडिगो का विमान लैंडिंग के बाद टैक्सी कर रहा था। मुंबई एयरपोर्ट पर समानांतर टैक्सीवे मौजूद हैं और दोनों विमान एयरबस A320 श्रेणी के थे। घटना के बाद नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) की टीम मौके पर पहुंच गई है और मामले की जांच की जा रही है।
एयर इंडिया के प्रवक्ता ने बताया कि मुंबई से कोयंबटूर जा रही फ्लाइट AI2732 उस समय विलंबित हो गई, जब उड़ान के लिए निर्धारित विमान टैक्सीवे पर खड़े-खड़े दूसरी एयरलाइन के विमान के संपर्क में आ गया। एयर इंडिया के अनुसार, दोनों विमानों के विंगटिप्स के टकराने से एयर इंडिया के विमान के पंख को नुकसान पहुंचा, जिसके बाद एहतियातन विमान को तकनीकी जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया। सभी यात्रियों को सुरक्षित रूप से विमान से उतार लिया गया।
और पढ़ें: ईंधन स्विच में खराबी के बाद एयर इंडिया का ड्रीमलाइनर विमान ग्राउंड, जांच जारी
इंडिगो के प्रवक्ता ने भी पुष्टि की कि हैदराबाद से मुंबई आ रही फ्लाइट 6E791 का विंगटिप लैंडिंग के बाद टैक्सी करते समय दूसरी एयरलाइन के विमान से छू गया। यात्रियों को पार्किंग के बाद सुरक्षित उतार लिया गया और विमान का रखरखाव निरीक्षण किया जा रहा है। नियमानुसार संबंधित प्राधिकरणों को तुरंत सूचित किया गया।
नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने बताया कि घटना शाम करीब 7.30 बजे हुई, जब एयर इंडिया का विमान C1 से M4 की ओर टैक्सी कर रहा था और इंडिगो का आगमन विमान B1 से जुड़ने के लिए टैक्सी कर रहा था। उस दौरान दोनों विमानों के दाहिने विंगटिप्स आपस में छू गए। घटना के बाद दोनों विमानों को निरीक्षण के लिए बे पर वापस लाया गया।
और पढ़ें: दिसंबर में उड़ान बाधित होने पर DGCA ने इंडिगो पर 22.2 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया