ऑस्ट्रेलिया में पहली बार किसी स्थानीय स्तनधारी जीव में एच5एन1 बर्ड फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई है। दक्षिण ऑस्ट्रेलिया राज्य में एक लंबे-नाक वाले फर सील में इस घातक वायरस का पता चला है। अधिकारियों ने रविवार को इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि यह देश में स्तनधारी जीव में एच5एन1 संक्रमण का पहला मामला है।
दक्षिण ऑस्ट्रेलियाई अधिकारियों के अनुसार, संक्रमित फर सील समुद्र तटीय शहर बीचपोर्ट में मृत मिली थी। बीचपोर्ट राज्य की राजधानी एडिलेड से करीब 310 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है। अधिकारियों ने बताया कि सील के शरीर पर किसी प्रकार की चोट के निशान नहीं पाए गए। राज्य के समुद्री क्षेत्रों में इस प्रजाति की अनुमानित आबादी लगभग एक लाख बताई जाती है।
ऑस्ट्रेलिया जून से अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लुएंजा के बढ़ते मामलों का सामना कर रहा है। इस महीने वायरस के कारण बड़ी संख्या में समुद्री पक्षियों की मौत दर्ज की गई, जिससे संक्रमण के फैलाव को लेकर चिंता बढ़ी है। शुरुआत में यह वायरस प्रवासी समुद्री पक्षियों में पाया गया था और बाद में स्थानीय प्रजातियों तक फैल गया।
और पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया में नाबालिगों के सोशल मीडिया खातों पर कार्रवाई, मेटा ने 7.56 लाख किशोर अकाउंट हटाए
संघीय कृषि मंत्री जूली कॉलिन्स ने कहा कि मृत सील का मामला अन्य बीमार या मृत समुद्री स्तनधारियों से जुड़ा हुआ प्रतीत नहीं होता। उन्होंने कहा कि जब एच5 बर्ड फ्लू प्राकृतिक वातावरण में फैलने लगता है, तो बड़े स्तर पर होने वाले नुकसान को पूरी तरह रोकना मुश्किल हो जाता है।
दक्षिण ऑस्ट्रेलिया की मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी स्काई फ्रुएन ने बताया कि सील को संक्रमण का अधिक खतरा रहता है, क्योंकि वे तटीय चट्टानी इलाकों में जंगली पक्षियों के बेहद करीब रहते हैं। ऐसे वातावरण में वायरस की मौजूदगी अधिक होने की संभावना रहती है।
ऑस्ट्रेलिया बर्ड फ्लू की पुष्टि करने वाला अंतिम महाद्वीप था, हालांकि 2025 के अंत में उप-अंटार्कटिक क्षेत्र हर्ड द्वीप पर वायरस का पता चला था। स्थानीय मीडिया के अनुसार, वहां 13,000 से अधिक सील शावकों की मौत हुई थी।
संघीय सरकार ने कहा कि अब तक एच5एन1 का संक्रमण ऑस्ट्रेलिया के पोल्ट्री या कृषि क्षेत्र में नहीं पहुंचा है। हलाँकि अभी तक देशभर में 297 मामलों की पुष्टि हो चुकी है।
और पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया में एच5 बर्ड फ्लू से पहली बार देशी समुद्री पक्षियों की सामूहिक मौत, सरकार ने जताई चिंता