उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के नगरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले डुमरिया गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। साथ ही परिवार ने पुलिस पर भी मिलीभगत और जबरन तहरीर लिखवाने का आरोप लगाया है, जिससे मामला और अधिक गंभीर हो गया है।
जानकारी के अनुसार, मृतका सोनम चौहान की शादी लगभग एक वर्ष पहले 5 मई 2025 को डुमरिया गांव निवासी दिलीप चौहान से हुई थी। मृतका के भाई सुनील चौहान ने बताया कि सोनम कुछ दिनों से अपने मायके में रह रही थी। गुरुवार को ससुराल पक्ष से फोन आया कि उसे वापस भेज दिया जाए। इसके बाद शुक्रवार को उसे ससुराल भेजा गया।
परिजनों के अनुसार, शनिवार को सोनम से फोन पर सामान्य बातचीत हुई थी, लेकिन रविवार तड़के ससुराल से सूचना मिली कि उसने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। इस खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
और पढ़ें: यूपी के कासगंज में प्रशिक्षण विमान हाईवे पर दुर्घटनाग्रस्त, महिला प्रशिक्षु पायलट गंभीर रूप से घायल
परिजन जब ससुराल पहुंचे तो उन्होंने शव को जमीन पर पाया और गर्दन पर संदिग्ध निशान देखे, जिससे उनका शक और गहरा हो गया। सुनील चौहान ने कहा कि उनकी बहन स्वभाव से बहुत शांत थी और वह “एक चींटी तक को नहीं मार सकती थी”, ऐसे में आत्महत्या की बात पर भरोसा नहीं हो रहा है।
परिजनों का आरोप है कि दहेज के लिए सोनम को पहले भी प्रताड़ित किया जाता था और साजिश के तहत उसे मायके से बुलाकर हत्या की गई है।
मामले में पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं कि उन्होंने पीड़ित परिवार की मर्जी के बिना तहरीर लिखवाई और गांव के प्रधान पर समझौते का दबाव बनाने का आरोप है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा और उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
और पढ़ें: कानपुर में नाबालिग के अपहरण और जबरन धर्मांतरण का आरोप, चार गिरफ्तार