×
 

वाराणसी में तीन दिन से लापता एमएससी छात्रा का शव प्रेमी के किराए के मकान के बाथरूम से बरामद

वाराणसी में तीन दिन से लापता एमएससी छात्रा श्रेया उपाध्याय का शव प्रेमी के किराए के मकान से मिला। पुलिस प्रेम प्रसंग, संपत्ति विवाद और हत्या की आशंका जांच रही है।

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में तीन दिन से लापता एमएससी छात्रा श्रेया उपाध्याय की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। छात्रा का शव बच्छांव इलाके में उसके प्रेमी के किराए के मकान के बाथरूम से बरामद किया गया। शव सड़ी-गली अवस्था में मिला है। घटना के बाद छात्रा का कथित प्रेमी विवेक चौबे भी फरार बताया जा रहा है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।

मामला रोहनिया थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, श्रेया 18 अगस्त को कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। परिजनों ने काफी तलाश करने के बाद थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने छात्रा के मोबाइल फोन की लोकेशन खंगाली, जो बच्छांव में मालवीय इंटर कॉलेज के पास मिली।

पुलिस जब संबंधित स्थान पर पहुंची तो एक बंद मकान से तेज दुर्गंध आ रही थी। मकान खोलने पर बाथरूम में छात्रा का शव मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट होगी।

और पढ़ें: पीएम-कुसुम के अगले चरण की रूपरेखा पर प्रह्लाद जोशी ने की समीक्षा बैठक

प्रेम प्रसंग और संपत्ति को लेकर जांच

श्रेया जगतपुर पीजी कॉलेज में एमएससी प्रथम वर्ष की छात्रा थी। पुलिस के मुताबिक, उसकी मुलाकात चोलापुर के नियार गांव निवासी विवेक चौबे से हुई थी। विवेक का ननिहाल जमुनी गांव में है और वह वहां अक्सर आता-जाता था। इसी दौरान दोनों की दोस्ती हुई और बाद में प्रेम संबंध बन गया।

परिजनों का आरोप है कि विवेक की नजर श्रेया के नाम आने वाली करीब सात बीघा जमीन पर थी। श्रेया के पिता सुनील चंदापुर में कपड़े की दुकान चलाते हैं और श्रेया उनकी इकलौती बेटी थी। परिवार का आरोप है कि विवेक शादी के लिए दबाव डालता था और विरोध करने पर धमकी देता था।

बताया जा रहा है कि हाल ही में श्रेया का रिश्ता कहीं और तय हो गया था, जिससे विवेक नाराज था। परिजनों ने आशंका जताई है कि 18 अगस्त को कॉलेज जाते समय विवेक ने उसे रास्ते से अगवा किया और अपने किराए के मकान में ले जाकर हत्या कर दी।

हालांकि, पुलिस ने अभी इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। फरार विवेक की गिरफ्तारी और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद मामले की तस्वीर साफ होने की उम्मीद है।

और पढ़ें: मुजफ्फरपुर एके-47 मामले में एनआईए की बड़ी कार्रवाई, दो साल से फरार आरोपी भैरव त्रिपाठी गिरफ्तार

 
 
 
Gallery Gallery Videos Videos Share on WhatsApp Share