मध्य प्रदेश के मंदसौर जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा सीतामऊ थाना क्षेत्र के तीतरोद गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई।
पुलिस के अनुसार, कार में कुल छह लोग सवार थे और वे महाराष्ट्र के औरंगाबाद से दिल्ली की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार अत्यधिक गति में थी और अचानक चालक का नियंत्रण वाहन से हट गया। इसके बाद कार सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसके परखच्चे उड़ गए।
हादसे की सूचना मिलते ही सीतामऊ पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों और मृतकों को सीतामऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। दो घायलों का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
और पढ़ें: ओडिशा के स्वास्थ्य मंत्री मुकेश महालिंग की कार केनझर में टकराई, बड़ा हादसा टला
पुलिस ने मृतकों में रविन्द्र काले, निवासी शास्त्री नगर, जवाहर कॉलोनी, औरंगाबाद, तथा सचिन गंगाधर गजभारे, निवासी नाहर क्लिनिक के सामने, औरंगाबाद की पहचान की है। अन्य मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और एक्सप्रेसवे के सर्विलांस सिस्टम की मदद से ट्रक और उसके चालक की तलाश कर रही है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना दुर्घटना का प्रमुख कारण माना जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
और पढ़ें: मोहर्रम जुलूस में हवा में लटकाई गई वैन में विस्फोट, वायरल वीडियो के बाद जांच शुरू