नीट-यूजी 2026 पेपर लीक विवाद को लेकर जारी देशव्यापी विरोध प्रदर्शनों के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया। दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आंदोलन के बीच उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने इस्तीफे की घोषणा की।
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि उनका यह फैसला छात्रों के व्यापक हित, राष्ट्रीय एकता और देश में पैदा हुई परिस्थितियों को ध्यान में रखकर लिया गया है। उन्होंने कहा, "मैं नहीं चाहता कि जंतर-मंतर या देश के अन्य हिस्सों में बनी स्थिति का कोई राष्ट्रविरोधी तत्व फायदा उठाए। छात्र कानूनी जटिलताओं में उलझने के बजाय अपनी पढ़ाई और भविष्य पर ध्यान दें, इसलिए मैंने प्रधानमंत्री को अपना इस्तीफा सौंप दिया है।"
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखे अपने इस्तीफे में प्रधान ने कहा कि पिछले चार दशकों से उनका जीवन शिक्षा, विद्यार्थियों और शिक्षा सुधारों से जुड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि एक मजबूत, समावेशी और दूरदर्शी शिक्षा व्यवस्था ही सशक्त भारत की नींव है।
और पढ़ें: ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सक्रिय पाकिस्तानी हैंडल फैला रहे थे फर्जी सामग्री, सीजेपी प्रदर्शन पर दिल्ली पुलिस का बड़ा खुलासा
उन्होंने याद दिलाया कि 3 मई 2026 को आयोजित नीट-यूजी परीक्षा में अनियमितताएं सामने आने के बाद केंद्र सरकार ने तुरंत जांच सीबीआई को सौंप दी, परीक्षा रद्द की और दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया। साथ ही अगले वर्ष से परीक्षा कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) मोड में कराने की घोषणा भी की गई।
इस बीच सीजेपी ने धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे का स्वागत करते हुए कहा, "छात्र शक्ति अमर रहे।" वहीं पार्टी के संस्थापक अध्यक्ष अभिजीत दीपके ने कहा कि उनकी दो प्रमुख मांगें अभी भी बाकी हैं। उन्होंने परीक्षा विवाद से आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिवारों को एक-एक करोड़ रुपये मुआवजा देने और 20 जुलाई को प्रदर्शनकारियों पर कथित पुलिस कार्रवाई करने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई।
धर्मेंद्र प्रधान ने अपने इस्तीफे में कहा कि बीते दस दिनों की घटनाओं ने उन्हें बेहद दुखी किया है। उन्होंने दोहराया कि यह किसी व्यक्तिगत प्रतिष्ठा का विषय नहीं, बल्कि देश के युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था पर जनता के विश्वास को बनाए रखने का प्रश्न है।
और पढ़ें: भोपाल में नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, दो एसएएफ आरक्षक गिरफ्तार