अमेरिका के मिशिगन में प्रशिक्षण मिशन के दौरान टेक्सास स्थित अमेरिकी सैन्य बल का एफ-16 लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हालांकि, विमान में सवार पायलट ने समय रहते सुरक्षित रूप से इजेक्ट कर लिया। घटना के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
टेक्सास एयर नेशनल गार्ड के 149वें फाइटर विंग से संबद्ध एफ-16 फाइटिंग फाल्कन नियमित प्रशिक्षण मिशन पर था। यूनिट ने अपने बयान में बताया कि विमान ट्रैवर्स सिटी के पास दुर्घटनाग्रस्त हुआ। पायलट ने विमान से सफलतापूर्वक इजेक्ट किया और घटना की जांच की जा रही है।
ग्रैंड ट्रैवर्स काउंटी इमरजेंसी मैनेजमेंट ने बताया कि विमान दुर्घटना के कारण इलाके में निकासी का आदेश प्रभावी किया गया है। मिशिगन के अमेरिकी सीनेटर गैरी पीटर्स ने कहा कि उन्हें ट्रैवर्स सिटी के पास विमान हादसे की जानकारी है और वह स्थिति पर नजर रख रहे हैं।
और पढ़ें: होर्मुज जलडमरूमध्य के पास ईरान ने अमेरिकी कर्मियों वाले जहाज को निशाना बनाया
149वें फाइटर विंग के जनसंपर्क विशेषज्ञ सार्जेंट डेरेक गुटिरेज ने बताया कि पायलट को स्थानीय अस्पताल में चिकित्सा उपचार दिया जा रहा है। सैन्य नीति का हवाला देते हुए उन्होंने पायलट की पहचान और संभावित चोटों की जानकारी देने से इनकार किया।
यह हादसा एल्पेना स्थित नेशनल गार्ड बेस में चल रहे प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान हुआ। यह स्थान डेट्रॉयट से करीब 190 मील यानी 305 किलोमीटर उत्तर में है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तेज धमाके की आवाज सुनने की बात कही। तस्वीरों में आसमान में काले धुएं का बड़ा गुबार दिखाई दिया।
स्थानीय निवासी वेंडी सोबेक ने बताया कि उन्होंने और उनके पति ने बेहद तेज धमाका सुना। इसके बाद उन्होंने खेत में विमान का मलबा देखा और लगातार धमाकों की आवाज सुनाई दी।
अमेरिकी वायुसेना के सेफ्टी सेंटर के अनुसार, 2000 के बाद से एफ-16 विमानों से जुड़ी कम से कम 14 ‘क्लास ए’ दुर्घटनाएं हुई हैं। इस श्रेणी में आमतौर पर 20 लाख डॉलर से अधिक का नुकसान, विमान का पूरी तरह नष्ट होना या किसी सैन्यकर्मी की मौत शामिल होती है।
इससे पहले दिसंबर में अमेरिकी वायुसेना की थंडरबर्ड्स प्रदर्शन टीम का एफ-16सी फाइटिंग फाल्कन दक्षिणी कैलिफोर्निया के रेगिस्तान में दुर्घटनाग्रस्त हुआ था। उस हादसे में भी पायलट सुरक्षित इजेक्ट करने में सफल रहा था।
और पढ़ें: ईरानी हमले में जॉर्डन स्थित अमेरिकी एयरबेस पर A-10 और F-15 लड़ाकू विमान क्षतिग्रस्त