पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर मतगणना के दौरान बड़ा राजनीतिक उलटफेर देखने को मिल रहा है। लंबे समय से तृणमूल कांग्रेस का मजबूत गढ़ मानी जाने वाली इस सीट पर भारतीय जनता पार्टी ने शानदार बढ़त बना ली है। बीजेपी उम्मीदवार देबांग्शु पांडा छह राउंड की मतगणना के बाद भारी अंतर से आगे चल रहे हैं।
ताजा आंकड़ों के अनुसार, देबांग्शु पांडा को अब तक 44,792 वोट मिले हैं और वे तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार जहांगीर खान से लगभग 26,399 वोटों से आगे हैं। वहीं टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान काफी पीछे चल रहे हैं, जिससे पार्टी खेमे में चिंता बढ़ गई है।
फाल्टा विधानसभा सीट को लंबे समय से टीएमसी का मजबूत गढ़ माना जाता रहा है। तृणमूल कांग्रेस ने इस सीट पर वर्ष 2001, 2011, 2016 और 2021 के विधानसभा चुनावों में जीत दर्ज की थी। हालांकि पिछले विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने यहां 36.9 प्रतिशत वोट हासिल कर अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई थी।
और पढ़ें: सुवेंदु अधिकारी के मुख्यमंत्री बनते ही ममता बनर्जी ने बदला एक्स बायो, हार स्वीकारने की अटकलें तेज
इस बार चुनाव और भी ज्यादा चर्चा में रहा क्योंकि निर्वाचन आयोग ने ईवीएम गड़बड़ी और मतदान में अनियमितताओं के आरोपों के बाद सभी बूथों पर पुनर्मतदान कराने का आदेश दिया था। इसके बाद हुए मतदान में भारी संख्या में मतदाताओं ने हिस्सा लिया।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि यदि यह बढ़त बरकरार रहती है तो फाल्टा सीट पर बीजेपी पहली बार टीएमसी के किले को भेद सकती है। मतगणना के आगे के राउंड पर अब पूरे पश्चिम बंगाल की नजरें टिकी हुई हैं।
और पढ़ें: ममता बनर्जी को हार स्वीकार करनी चाहिए: केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार