दक्षिण-पश्चिम फ्रांस के जंगलों में लगी भीषण आग ने विकराल रूप धारण कर लिया है। आग के तेजी से फैलने के कारण रविवार करीब 55 हजार लोगों को अपने घर खाली कर सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा। इसके साथ ही केवल एक क्षेत्र में अब तक घर छोड़ने वालों की संख्या बढ़कर लगभग 2 लाख 20 हजार हो गई है। आग अब विश्व प्रसिद्ध वाइन नगरी बोर्दो के और करीब पहुंच गई है, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।
जिरोंद प्रशासन ने बोर्दो के दक्षिण-पश्चिम में स्थित पांच और इलाकों के निवासियों को तत्काल घर खाली करने का आदेश जारी किया। अधिकारियों के अनुसार, रातभर चली तेज हवाओं ने आग को और अधिक भड़का दिया, जिससे सप्ताह के मध्य से जारी आग तेजी से नए क्षेत्रों में फैल गई। हालात को देखते हुए बोर्दो से दक्षिण-पश्चिम की ओर जाने वाले एक प्रमुख राजमार्ग को आंशिक रूप से बंद कर दिया गया है।
बोर्दो के मेयर ने बताया कि आग अभी भी महानगरीय क्षेत्र की सीमा पर बनी हुई है और यह शहर से लगभग 15 किलोमीटर की दूरी तक पहुंच चुकी है। वहीं, दक्षिणी फ्रांस के लांद क्षेत्र में लगी एक अन्य भीषण आग के कारण इस सप्ताह करीब 30 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया। दोनों घटनाओं को मिलाकर फ्रांस में आग की वजह से विस्थापित लोगों की संख्या ढाई लाख से अधिक हो चुकी है।
और पढ़ें: 2028 का कर्नाटक विधानसभा चुनाव नहीं लड़ूंगा: सिद्धारमैया, बोले- राजनीति पूरी तरह भ्रष्ट हो चुकी है
उधर, पड़ोसी देश स्पेन में भी जंगलों की आग ने गंभीर स्थिति पैदा कर दी है। मैड्रिड के पश्चिमी इलाके में लगी आग के कारण प्रशासन ने इस सप्ताह करीब 70 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है। राहत एवं बचाव दल लगातार आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटे हैं।
भीषण आग से पर्यावरण को व्यापक नुकसान पहुंचा है। हजारों हेक्टेयर वन क्षेत्र जल चुके हैं और बड़ी संख्या में जंगली जानवरों की मौत की आशंका जताई जा रही है। फ्रांस और स्पेन में आग बुझाने के लिए लगभग 4 हजार अग्निशमन और राहतकर्मी लगातार अभियान चला रहे हैं।
और पढ़ें: यूक्रेन के ओडेसा बंदरगाह पर चार भारतीयों वाला जहाज हमले की चपेट में, दो सुरक्षित; विदेश मंत्रालय ने जारी की एडवाइजरी