उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में गंगा एक्सप्रेसवे पर रविवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। बदायूं से दिल्ली जा रही तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर कई बार पलट गई। हादसे में वाहन सवार चार युवकों की मौत हो गई, जबकि 17 वर्षीय एक युवक घायल हो गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के अनुसार, हादसा हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र में रात करीब 12 बजे हुआ। बदायूं से दिल्ली की ओर जा रही थार का चालक अचानक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद गाड़ी कई बार पलटती हुई एक्सप्रेसवे के किनारे जा गिरी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि थार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार सभी पांच लोग वाहन के अंदर फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवा 112 और सिंभावली थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद सभी पांचों लोगों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला। उन्हें तत्काल उपचार के लिए सिखेड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया।
और पढ़ें: SCO शिखर सम्मेलन से इतर आज मोदी-पुतिन की अहम मुलाकात, शी जिनपिंग से भी बातचीत की संभावना
अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद चार युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं 17 वर्षीय विष्णु को मामूली चोटें आईं और उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई।
पुलिस के मुताबिक, मृतकों की पहचान बदायूं जिले के अलग-अलग गांवों के रहने वाले 26 वर्षीय जोगिंदर, 25 वर्षीय सुखबीर, 20 वर्षीय जसवंत और 20 वर्षीय रवि के रूप में हुई है। घायल विष्णु भी बदायूं के पालपुर गांव का रहने वाला है।
हादसे के बाद पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटनाग्रस्त थार को क्रेन की मदद से सड़क से हटाया गया, जिसके बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य किया गया। पुलिस अब हादसे के कारणों की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वाहन की तेज रफ्तार के अलावा कोई अन्य वजह भी दुर्घटना के पीछे थी या नहीं।
और पढ़ें: दिल्ली में नाबालिगों से यौन अपराध के दो मामले, 3 साल की बच्ची और 16 वर्षीय छात्रा पीड़ित