महाराष्ट्र के गोंदिया जिले में मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई, जबकि सात अन्य घायल हुए हैं। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा महाराष्ट्र-मध्य प्रदेश राज्य राजमार्ग पर गोंदिया शहर से करीब पांच किलोमीटर दूर नागरा गांव के पास हुआ।
पुलिस के अनुसार, दोपहर करीब 12:30 बजे तेज रफ्तार ट्रक ने सामने से आ रही बोलेरो पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार कई लोग वाहन के मलबे में फंस गए। हादसे की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया।
सूचना मिलने के बाद गोंदिया ग्रामीण पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घायलों और मृतकों को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया। क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे शवों को गैस कटर की मदद से बाहर निकाला गया।
और पढ़ें: दिल्ली विधानसभा अध्यक्ष विजेंद्र गुप्ता को ईमेल से बम धमकी, सुरक्षा एजेंसियों ने शुरू की जांच
हादसे के शिकार मजदूर मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के विभिन्न गांवों के रहने वाले थे। वे रोजगार के लिए तेलंगाना के हैदराबाद जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक, किरनापुर और लांजी तहसील क्षेत्र के मजदूर अपने परिवारों के साथ बोलेरो वाहन संख्या एमपी-15 टी 3495 से रवाना हुए थे।
नागरा के पास पहुंचने पर बालाघाट से गोंदिया की ओर आ रहे ट्रक संख्या एमएच-35 एजे-2547 ने कथित तौर पर तेज गति और लापरवाही से बोलेरो को सीधी टक्कर मार दी।
ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज
घायल राजेंद्र शिवचरण पांढरे, निवासी पीपलगांव खुर्द, किरनापुर, बालाघाट के बयान पर गोंदिया ग्रामीण पुलिस ने ट्रक चालक मोहसिन खान, उम्र 32 वर्ष, निवासी गोंदिया के खिलाफ अपराध क्रमांक 527/2026 दर्ज किया है।
पुलिस निरीक्षक वैभव पवार के मार्गदर्शन में सहायक पुलिस उपनिरीक्षक वर्षा नैताम मामले की जांच कर रही हैं। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता 2023 की संबंधित धाराओं और मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत कार्रवाई शुरू की है।
और पढ़ें: वडोदरा में नमो फॉर विकसित भारत कार्यक्रम में पीएम मोदी ने जेन-ज़ी को किया संबोधित