दिल्ली से सटे हरियाणा के गुरुग्राम में ट्रैफिक पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया है, जिस पर कुल 107 चालान लंबित थे। इन सभी चालानों की कुल जुर्माना राशि करीब 2 लाख 36 हजार रुपये बताई जा रही है। यह घटना उस समय सामने आई जब पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग-48 (एनएच-48) पर वाहनों की नियमित जांच अभियान चलाया।
जानकारी के अनुसार ट्रैफिक इंस्पेक्टर महावीर सिंह की टीम लेन ड्राइविंग और सुरक्षा नियमों की जांच कर रही थी। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल (नंबर: एचआर-36 एआर-8308) को रोका गया, जो बिना हेलमेट और बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) के चल रही थी। जब पुलिस ने वाहन का रिकॉर्ड डिजिटल सिस्टम पर चेक किया तो अधिकारियों के होश उड़ गए।
रिकॉर्ड से पता चला कि इस बाइक पर अलग-अलग ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन के कुल 107 चालान पेंडिंग थे। इनमें ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट, गलत पार्किंग और अन्य नियमों का उल्लंघन शामिल बताया जा रहा है। इतनी बड़ी संख्या में चालान और भारी जुर्माना देखकर पुलिस ने तुरंत वाहन को इंपाउंड कर लिया।
और पढ़ें: हिमाचल प्रदेश के चंबा में दर्दनाक हादसा, मसरुंड–हमाल सड़क पर वाहन खाई में गिरने से 7 की मौत
जब चालक से वाहन के कागजात और जुर्माने से जुड़े दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने नियमों के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए बाइक को जब्त कर लिया।
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने इस कार्रवाई के बाद आम जनता से अपील की है कि सभी वाहन चालक समय पर अपने चालान का भुगतान करें और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह की कार्रवाई और दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
इसी बीच गुरुग्राम के सेक्टर-37 इलाके में एक सड़क हादसा भी सामने आया, जहां एक रोडवेज बस ने चार पैदल राहगीरों को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। घटना के बाद भीड़ ने बस पर पथराव किया और चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
और पढ़ें: अवैध पार्किंग से शहर की सड़कें बनीं जाम का शिकार, पैदल यात्रियों और बच्चों की सुरक्षा पर खतरा