हरियाणा के अंबाला से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां नशे में धुत एक पुलिसकर्मी की तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी, जिससे 25 वर्षीय युवती की मौत हो गई। मृतका की पहचान निकिता के रूप में हुई है, जो गुरुग्राम में काम करती थीं।
यह हादसा बुधवार रात करीब 9 बजे काली पलटन ब्रिज के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार निकिता दिल्ली से अंबाला लौट रही थीं और ई-रिक्शा में सवार थीं। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि निकिता गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अंबाला सिविल अस्पताल के डॉक्टर डी.डी. पांडे ने बताया कि रात करीब 9:30 बजे युवती का शव अस्पताल लाया गया था, जिसे बाद में पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया गया।
और पढ़ें: दिल्ली के गाजीपुर में NH-24 पर कार-ट्रक टक्कर, दो महिलाओं की मौत
प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि हादसे के समय पुलिसकर्मी नशे में था। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। ई-रिक्शा चालक रविंदर सिंह ने बताया कि वह चार यात्रियों के साथ अंबाला कैंट से आ रहे थे, तभी तेज रफ्तार बाइक ने उनके वाहन को टक्कर मार दी और निकिता नीचे गिर गईं। इसके बाद पुलिसकर्मी ने उन्हें कुचल दिया।
पीड़िता के परिवार ने आरोपी पुलिसकर्मी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। निकिता के भाई मयंक ने बताया कि उनकी बहन दिल्ली से लौट रही थीं और गुरुग्राम में नौकरी करती थीं। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है, हालांकि अभी तक उसका नाम सार्वजनिक नहीं किया गया है।
और पढ़ें: बेंगलुरु में स्कूल बस ने स्कूटर को टक्कर मारी, दो छोटे बच्चों की मौत; चालक गिरफ्तार