ईरान ने दावा किया है कि इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने एक अमेरिकी पायलट को पकड़ लिया है, जो कथित रूप से मार गिराए गए एफ-35 लड़ाकू विमान से कूद गया था। हालांकि, इस दावे की अभी तक स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना दक्षिण-पश्चिमी ईरान में हुई, जहां आईआरजीसी की एयरोस्पेस फोर्स ने अमेरिकी एफ-35 विमान को निशाना बनाया। बताया जा रहा है कि विमान के गिरने से पहले पायलट ने इजेक्ट कर लिया था, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया।
ईरान से जुड़े सूत्रों ने भी इस बात की पुष्टि की है कि पायलट को हिरासत में लिया गया है। वहीं, अमेरिकी सेंट्रल कमांड, पेंटागन और व्हाइट हाउस ने इस मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं दी है।
और पढ़ें: ईरान ने ट्रंप के दावों को खारिज किया, IRGC ने कहा, युद्ध तब तक चलेगा जब तक अमेरिका को स्थायी अपमान का सामना नहीं होता
इससे पहले भी ईरान ने दावा किया था कि उसने एक और अमेरिकी एफ-35 विमान को अपने उन्नत एयर डिफेंस सिस्टम की मदद से मार गिराया है। ईरान ने बताया कि यह कार्रवाई आईआरजीसी के नए तैनात रक्षा तंत्र द्वारा की गई।
रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि अमेरिका ने पायलट को बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाने की कोशिश की थी। माना जा रहा है कि अमेरिकी बलों ने ईरान की सीमा के पास पायलट को निकालने का प्रयास किया, लेकिन ईरानी सुरक्षा बलों ने उसे पहले ही पकड़ लिया।
रिपोर्ट के मुताबिक, कोहगिलुयेह और बोयर-अहमद प्रांत में सशस्त्र जनजातीय लोग और ग्रामीण भी अमेरिकी बलों की तलाश में पहाड़ी और ग्रामीण इलाकों में गश्त कर रहे थे।
यह घटनाक्रम क्षेत्र में बढ़ते तनाव की ओर इशारा करता है, हालांकि इसकी पुष्टि के लिए आधिकारिक बयान का इंतजार है।
और पढ़ें: हमारे दोस्त सुरक्षित हाथों में हैं: ईरान ने खाड़ी में बढ़ते तनाव के बीच भारत को होर्मुज जलडमरूमध्य के बारे में आश्वस्त किया