उत्तर प्रदेश के ललितपुर जिले में भारी बारिश के बाद नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से हालात मुश्किल हो गए हैं। नाराहट-महरौनी मार्ग स्थित कुझान घाट पुल पर तेज बहाव के बीच एक तेल टैंकर पानी में बह गया। हालांकि, चालक ने समय रहते टैंकर से कूदकर अपनी जान बचा ली।
जानकारी के मुताबिक, कुझान घाट पुल के ऊपर से तेज रफ्तार में पानी बह रहा था। इसके बावजूद चालक तेल टैंकर लेकर पुल पार करने की कोशिश कर रहा था। जैसे ही टैंकर तेज बहाव वाले हिस्से में पहुंचा, वाहन अनियंत्रित हो गया और पानी के साथ बहने लगा। टैंकर को बहता देखकर चालक ने किसी तरह वाहन से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की कोशिश की।
कुछ ही देर में पानी का बहाव टैंकर को काफी दूर तक बहाकर ले गया। मौके पर मौजूद लोगों में भी इस घटना के बाद हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, पानी का बहाव इतना तेज था कि चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका। वीडियो में टैंकर पुल के किनारे बहता हुआ दिखाई दे रहा है, जबकि आसपास लोग घटना को देखते नजर आ रहे हैं।
और पढ़ें: एशियन गेम्स 2026: सातवें दिन जापान के खिलाफ पुरुष हॉकी टीम पर नजर
इस बीच, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों के दौरान तेज बारिश की संभावना जताई है। विभाग ने कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश और कुछ स्थानों पर अत्यधिक बारिश की चेतावनी दी गई है।
राज्य सरकार ने 27 सितंबर तक के मौसम पूर्वानुमान को देखते हुए जिला प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारी बारिश, आंधी-तूफान और अचानक बाढ़ की आशंका को देखते हुए जिलाधिकारियों को जमीनी स्तर पर तैयारियों का निरीक्षण करने को कहा है। रेड अलर्ट और फ्लैश फ्लड की आशंका वाले जिलों में स्कूल बंद रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।
और पढ़ें: नागालैंड में नकली शराब पीने से 19 लोगों की मौत, जांच के लिए SIT गठित