घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार को लगातार तीन कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट पर ब्रेक लगा। प्रमुख बेंचमार्क सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी मामूली बढ़त के साथ बंद हुए। कारोबार के अंतिम चरण में एचडीएफसी बैंक और एक्सिस बैंक जैसे प्रमुख शेयरों में खरीदारी से बाजार को सहारा मिला। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों के 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बने रहने और भू-राजनीतिक तनाव के कारण निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता सीमित रही।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 138.36 अंक यानी 0.19 प्रतिशत बढ़कर 74,902.59 अंक पर बंद हुआ। अंतिम समय की खरीदारी के कारण सूचकांक दिन के उच्चतम स्तर 74,910.96 अंक के करीब रहा। कारोबार के दौरान यह 74,598.47 अंक के निचले स्तर तक भी गया।
इसी तरह, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 46.30 अंक यानी 0.20 प्रतिशत की बढ़त के साथ 23,477.80 अंक पर बंद हुआ।
और पढ़ें: 10 सितंबर 2026 शेयर बाजार अपडेट: कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच सेंसेक्स गिरा, निफ्टी 15 अंक चढ़ा
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में पावर ग्रिड, एक्सिस बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, एनटीपीसी, टेक महिंद्रा, भारती एयरटेल, एचडीएफसी बैंक और लार्सन एंड टुब्रो प्रमुख लाभ में रहे। वहीं, एचसीएल टेक, टाटा स्टील, ट्रेंट और आईटीसी गिरावट में बंद हुए।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.19 प्रतिशत उछलकर 102.2 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, महंगे तेल और भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं ने पूरे दिन बाजार की धारणा पर दबाव बनाए रखा।
एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कोस्पी, शंघाई एसएसई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट में रहे, जबकि जापान का निक्केई 225 बढ़त के साथ बंद हुआ। यूरोपीय बाजारों में मिला-जुला रुख रहा। अमेरिकी बाजार भी बुधवार को गिरावट में बंद हुए।
निवेशक अब अमेरिकी मुद्रास्फीति के आंकड़ों पर नजर लगाए हुए हैं, जिनसे ब्याज दरों की आगामी दिशा को लेकर संकेत मिलने की उम्मीद है। बुधवार को विदेशी संस्थागत निवेशकों ने 582.99 करोड़ रुपये की भारतीय इक्विटी बेची थी। इससे पहले सेंसेक्स 813.35 अंक और निफ्टी 203.60 अंक टूटे थे।
और पढ़ें: घरेलू शेयर बाजार लगातार तीसरे सत्र में गिरावट के साथ बंद