मुंबई में मंगलवार रात भारी बारिश के बीच लोकल ट्रेन में सीट और दरवाजे को लेकर हुआ विवाद एक युवक की जान ले बैठा। 22 वर्षीय युवक मयंक लोहार की चलती लोकल ट्रेन में चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना चर्चगेट-नालासोपारा फास्ट लोकल के प्रथम श्रेणी डिब्बे में हुई।
जानकारी के अनुसार, मयंक लोहार ट्रेन में सफर कर रहे थे। इसी दौरान डिब्बे का दरवाजा खुला रखा जाए या बंद किया जाए, इस बात को लेकर उनकी एक अन्य यात्री से कहासुनी हो गई। उस समय मुंबई में तेज बारिश हो रही थी और इसी मुद्दे पर दोनों के बीच बहस बढ़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद अचानक हिंसक हो गया। आरोपी ने अपने पास मौजूद धारदार हथियार निकालकर मयंक के पेट में वार कर दिया। हमले के बाद मयंक गंभीर रूप से घायल हो गए। ट्रेन रात 11:04 बजे बोरीवली स्टेशन पहुंची, लेकिन ट्रेन पूरी तरह रुकने से पहले ही आरोपी भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गया।
और पढ़ें: फीफा विश्व कप में मेसी से मुकाबले की संभावना पर बोले रोनाल्डो, कहा- यह शानदार होगा
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और सरकारी रेलवे पुलिस (जीआरपी) की टीम मौके पर पहुंची। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन के स्टेशन पर पहुंचने के तीन मिनट के भीतर सुरक्षा और चिकित्सा टीम डिब्बे तक पहुंच गई। घायल मयंक को तत्काल बोरीवली स्टेशन के आपात चिकित्सा कक्ष में ले जाया गया।
बाद में डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें रात 11:42 बजे कांदिवली स्थित शताब्दी अस्पताल भेजा गया। हालांकि, इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने बताया कि रेलवे और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई की। फिलहाल जीआरपी आरोपी की तलाश में जुटी है। पुलिस अंधेरी, मलाड और बोरीवली स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके। मामले की जांच जारी है।
और पढ़ें: संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान को भारत का करारा जवाब, कहा- जम्मू-कश्मीर हमारा आंतरिक मामला