मुंबई के माझगांव इलाके में गणेश आगमन शोभायात्रा के दौरान गणेश भक्तों पर अंडे फेंकने के मामले में पुलिस ने 22 वर्षीय आरोपी दानिश शेर खान को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी अंडों की होम डिलीवरी का व्यवसाय करता है। पूछताछ में उसने बताया कि शोभायात्रा के दौरान चलाए जा रहे पटाखों से परेशान होकर उसने गुस्से में यह हरकत की।
यह घटना 23 अगस्त को माझगांवचा मोरया गणपति मंडल की श्रीगणेश आगमन शोभायात्रा के दौरान हुई थी। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं पर किसी अज्ञात व्यक्ति ने ऊपर से अंडे फेंके थे। घटना के बाद इलाके में तनाव पैदा हो गया और सार्वजनिक शांति तथा कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बनी।
मामले में भायखला पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 और 196 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पांच जांच टीमें गठित कीं। तकनीकी जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई।
और पढ़ें: मुंबई के गोदाम पर एफडीए की छापेमारी, 1 लाख रुपये से अधिक की एक्सपायर्ड फ्रूटी-एप्पी फ़िज़ जब्त
पुलिस के मुताबिक, दानिश ऑनलाइन ऑर्डर लेकर आसपास के इलाकों में अंडों की होम डिलीवरी करता है। घटना वाले दिन भी वह रामभाऊ भोगले मार्ग स्थित एक इमारत में डिलीवरी के लिए जा रहा था। इसी दौरान शोभायात्रा में बजाए जा रहे पटाखों और उनके धुएं से उसे परेशानी हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि इसी बात से नाराज होकर उसने श्रद्धालुओं की ओर अंडे फेंके।
पुलिस ने आरोपी को घटना के महज 36 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे और नारेबाजी के बीच दो पक्षों में झड़प भी हुई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और इलाके में तनाव कम कराया।
और पढ़ें: मुंबई में गणपति प्रतिमा गिरने से दो लोगों की मौत, पांच घायल