महाराष्ट्र के नागपुर जिले में शुक्रवार को एक 28 वर्षीय युवक ने बैंक कर्मचारियों पर मिर्च पाउडर फेंककर 4.53 लाख रुपये लूट लिए। घटना नागपुर के सक्करदरा इलाके में स्थित भारतीय स्टेट बैंक की शाखा में हुई। आरोपी की पहचान सूरज बोरकर के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, सूरज शाम के समय बैंक में दाखिल हुआ। उसने अपने चेहरे को सफेद कपड़े से ढक रखा था और हाथ में हरे रंग का पैकेट था। बैंक में पहुंचते ही उसने अचानक कर्मचारियों पर मिर्च पाउडर फेंकना शुरू कर दिया।
मिर्च पाउडर के हमले से बैंक में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान आरोपी काउंटर के ऊपर से छलांग लगाकर नकदी तक पहुंचा और बड़ी मात्रा में रुपये उठाकर फरार हो गया। सीसीटीवी में कुछ कर्मचारी उसे पकड़ने के लिए पीछे भागते हुए भी दिखाई दिए, लेकिन वह भागने में सफल रहा।
और पढ़ें: महाराष्ट्र में मिड-डे मील बनाते समय प्रेशर कुकर फटा, छात्र समेत तीन घायल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने बैंक और आसपास के इलाकों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आरोपी की तलाश शुरू कर दी। कुछ ही घंटों में पुलिस ने सूरज बोरकर को ट्रेस कर गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पर कर्ज था। उसने शेयर बाजार में करीब 5 लाख रुपये गंवा दिए थे, जिसके बाद उसने कर्ज चुकाने के लिए बैंक लूटने की योजना बनाई।
पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात की योजना बनाने और उसे अंजाम देने में सूरज के साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।
और पढ़ें: छत्रपति संभाजीनगर में एमपीएससी पेपर लीक के खिलाफ छात्रों का प्रदर्शन, पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग